खड़गपुर में बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत, एक गंभीर, गांव में पसरा मातम

घायल का इलाज करते डॉक्टर | Prabhat Khabar Network
Munger Accident News: मुंगेर के हवेली खड़गपुर में सड़क पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर ने दो युवकों की जान ले ली। एक गंभीर रूप से घायल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सड़क सुरक्षा पर फिर सवाल उठ रहे हैं.
Munger Accident News: मुंगेर के हवेली खड़गपुर अनुमंडल में बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद धपरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की गई जान
श्यामपुर थाना क्षेत्र के लड़ुई-नवटोलिया मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे में धपरी गांव निवासी 22 वर्षीय बिट्टू मंडल और 27 वर्षीय सूरज कुमार की मौत हो गई, जबकि कल्याणपुर गांव निवासी पिंटू दास गंभीर रूप से घायल हो गए.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित किया
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और श्यामपुर थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हवेली खड़गपुर पहुंचाया. चिकित्सकों ने जांच के बाद बिट्टू मंडल और सूरज कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल पिंटू दास को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर रेफर कर दिया गया.
गांव में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दोनों मृतक एक ही गांव धपरी के रहने वाले थे. जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार और महिलाओं का विलाप देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. देर शाम तक मृतकों के घरों पर लोगों की भीड़ जुटी रही और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा.
पुलिस जांच में जुटी, सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
श्यामपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है. लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड कंट्रोल उपाय, चेतावनी संकेतक, नियमित वाहन जांच अभियान और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सौरभ कुमार
सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










