मुंगेर में बीएसएपी-9 ने निकाली जागरूकता प्रभात फेरी, लोगों को नशा मुक्ति का दिया संदेश

Edited by AMIT KR SINHA
Updated:
विज्ञापन

लोगों को जागरूक करते बीएसएपी-9 के जवान.

International Anti-Drug Day: मुंगेर-जमालपुर में बीएसएपी-9 के जवानों ने नशा मुक्ति का संदेश लेकर सड़कों पर प्रभात फेरी निकाली. इस दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा.

विज्ञापन

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

International Anti-Drug Day: मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार सुबह बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल-9 (बीएसएपी-9) जमालपुर द्वारा जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया.

कमांडेंट विद्यासागर के नेतृत्व में निकली प्रभात फेरी

इस अभियान का नेतृत्व बीएसएपी-9 के कमांडेंट विद्यासागर ने किया. प्रभात फेरी का उद्देश्य आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था.

प्रभात फेरी की शुरुआत बीएसएपी-9 परिसर से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कांस्टेबलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी जवानों के हाथों में नशा मुक्ति से जुड़े पोस्टर, बैनर और तख्तियां थीं.

International Anti-Drug Day: शहर की सड़कों पर गूंजे नशा मुक्ति के नारे

जवानों ने पूरे मार्ग में नशा निषेध के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और लोगों से मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील की. यह रैली मुंगेर-जमालपुर मुख्य सड़क, जुबली वेल चौक, रेलवे ओवरब्रिज, नेशनल इंस्टीट्यूट, पोस्ट ऑफिस चौक, अल्बर्ट रोड, एमसीएच मोड़, डीडी तुलसी रोड, रेलवे 212 नंबर अंडरब्रिज और बड़ी आशिकपुर चौक होते हुए पुनः बीएसएपी-9 परिसर पहुंचकर संपन्न हुई.

लोगों ने किया जागरूकता अभियान का स्वागत

सड़क किनारे मौजूद लोगों ने इस जागरूकता अभियान की सराहना की. कई स्थानों पर लोगों ने रुककर नारे सुने और अभियान का समर्थन किया.

नशा समाज के लिए गंभीर खतरा: कमांडेंट

कमांडेंट विद्यासागर ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि जब तक समाज के सभी वर्ग मिलकर प्रयास नहीं करेंगे, तब तक नशा मुक्त भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता.

अधिकारियों और जवानों ने लिया संकल्प

इस अवसर पर बीएसएपी-9 के पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार यादव, सूबेदार बटेश्वर दास, लाइन बाबू मो. मेहरुद्दीन, सूबेदार शमशेर आलम, बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रूपेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान मौजूद रहे.

सभी ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और समाज को इस बुराई से मुक्त करने का संकल्प लिया.

ये भी पढ़े : देश के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल मुंगेर का चंडिका स्थान, जानें आस्था और पौराणिक मान्यता

विज्ञापन
AMIT KR SINHA

लेखक के बारे में

By AMIT KR SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन