खगड़िया के रुपेश की गुजरात में झरने में फिसलने से हुई मौत, शव पहुंचते ही गम में डूबा गांव
शव पहुंचते ही मातम में डूबा पूरा गांव
Bihar Worker Death In Gujarat: तीन महीने पहले कमाने गया था खगड़िया का रुपेश, झरने में फिसलने से हुई मौत, शव पहुंचते ही मातम में डूबा पूरा गांव.
परबत्ता (खगड़िया) से पलटु झा की रिपोर्ट.
Bihar Worker Death In Gujarat: खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत तेलिया बथान गांव में गुरुवार की शाम उस समय मातम पसर गया, जब गुजरात में हादसे का शिकार हुए 24 वर्षीय मजदूर रुपेश कुमार का शव एम्बुलेंस से गांव पहुंचा. शव देखते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गयी और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. महज तीन महीने पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए गुजरात गये रुपेश की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
रोजगार की तलाश में गया था गुजरात
मृतक की पहचान तेलिया बथान निवासी घुघली मंडल के 24 वर्षीय पुत्र रुपेश कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार रुपेश करीब तीन माह पूर्व मजदूरी करने गुजरात गया था. वहां वह लेबर के रूप में कार्य कर रहा था और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग कर रहा था.
परिजनों ने बताया कि 21 जून को काम खत्म करने के बाद रुपेश अपने साथियों के साथ एक झरने पर स्नान करने गया था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह झरने में गिर गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.
साथियों ने की तलाश, लेकिन नहीं बच सकी जान
बताया जाता है कि काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसके साथी उसकी तलाश में झरने के पास पहुंचे. वहां मौजूद लोगों ने उन्हें हादसे की जानकारी दी. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया.
इसके बाद परिवार के सदस्य गुजरात पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार की शाम एम्बुलेंस से शव को पैतृक गांव तेलिया बथान लाया गया.
शव पहुंचते ही रो पड़े परिजन, गांव में पसरा मातम
जैसे ही एम्बुलेंस गांव पहुंची, बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन वहां जुट गये. शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीण लगातार परिजनों को ढांढस बंधाने का प्रयास करते रहे, लेकिन कमाऊ बेटे की असमय मौत का सदमा परिवार के लिए असहनीय साबित हो रहा था.
रुपेश की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है.
Bihar Worker Death In Gujarat: मुआवजे की उठी मांग
सामाजिक कार्यकर्ता बालमुकुंद मंडल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और प्रशासन को हरसंभव सहायता उपलब्ध करानी चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










