खगड़िया को मिली नई रेल सेवा की सौगात, पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट के बीच 18 अगस्त से चलेगी स्पेशल ट्रेन
खगड़िया रेलवे स्टेशन
18 अगस्त से पाटलिपुत्र और पूर्णिया कोर्ट के बीच एक नई स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू हो रहा है. यह ट्रेन उत्तर-पूर्व बिहार के यात्रियों के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे यात्रा आसान हो जाएगी. यात्री सुविधाओं में वृद्धि की उम्मीद है.
खगड़िया. पाटलिपुत्र और पूर्णिया कोर्ट के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 18 अगस्त से स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा. पूर्वोत्तर बिहार रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति के केंद्रीय संयोजक सुभाष चंद्र जोशी ने बताया कि ट्रेन संख्या 03215/03216 पाटलिपुत्र और पूर्णिया कोर्ट के बीच चलेगी. इस ट्रेन से खगड़िया, मानसी सहित उत्तर-पूर्व बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
रात 11 बजे पाटलिपुत्र से पूर्णिया के लिए खुलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 03215 पाटलिपुत्र स्टेशन से रात करीब 11 बजे पूर्णिया कोर्ट के लिए रवाना होगी. इसके बाद ट्रेन सोनपुर, हाजीपुर, समस्तीपुर, रोसड़ा घाट, हसनपुर सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होकर खगड़िया पहुंचेगी.
सुबह 3.20 बजे खगड़िया पहुंचेगी ट्रेन
निर्धारित समय के अनुसार पाटलिपुत्र से रवाना होने के बाद ट्रेन सुबह करीब 3.20 बजे खगड़िया पहुंचेगी. इसके बाद मानसी, सहरसा, मधेपुरा, मुरलीगंज और बनमनखी होते हुए ट्रेन सुबह करीब 8.30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी. इससे रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को उत्तर बिहार के कई प्रमुख शहरों के बीच सीधी रेल सुविधा मिलेगी.
सुबह 9 बजे पूर्णिया कोर्ट से होगी वापसी
वापसी में यही ट्रेन 03216 बनकर पूर्णिया कोर्ट से सुबह करीब 9 बजे रवाना होगी. वापसी के दौरान ट्रेन निर्धारित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए पाटलिपुत्र की ओर जाएगी. ट्रेन के अगले दिन सुबह करीब 6 बजे पाटलिपुत्र पहुंचने की बात कही गयी है.
खगड़िया और मानसी के यात्रियों को मिलेगी सुविधा
नई रेल सेवा शुरू होने से खगड़िया और मानसी के अलावा सहरसा, मधेपुरा, मुरलीगंज और आसपास के इलाकों के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा. यात्रियों को राजधानी क्षेत्र और उत्तर-पूर्व बिहार के बीच आवागमन के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध हो जायेगा.
रेल सेवा शुरू होने पर समिति ने जताई खुशी
रेल सेवा शुरू होने की जानकारी मिलने पर पूर्वोत्तर बिहार रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की. केंद्रीय संयोजक सुभाष चंद्र जोशी सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने इस सेवा के लिए रेल मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया. समिति ने इसे यात्रियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर सिंह
राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










