सावन में अगुवानी घाट पर बढ़ी भीड़, सुरक्षा की कमान संभाल रहे सैकड़ों जवान
अगुवानी में तैनात ग्राम रक्षा दल के सदस्य | Prabhat Khabar Network
सावन के दौरान अगुवानी गंगा घाट पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के साथ ग्राम रक्षा दल के सदस्य भी सुरक्षा व्यवस्था में जुटे हुए हैं।
खगड़िया : सावन महीने में अगुवानी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. खासकर सोमवार को जलार्पण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला पुलिस बल के सैकड़ों जवानों की तैनाती की गयी है. भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय ग्राम रक्षा दल के सदस्य भी पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं.
घाट से बस स्टैंड तक बढ़ायी गयी निगरानी
रविवार को जल भरने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अगुवानी गंगा घाट पहुंचे. इसे देखते हुए अगुवानी बस स्टैंड से लेकर गंगा घाट के विभिन्न हिस्सों में करीब दो दर्जन ग्राम रक्षा दल के सदस्य सक्रिय रहे. सदस्य श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित करने, भीड़ को नियंत्रित करने और पुलिस बल को सहयोग देने में जुटे रहे.
वर्षों से सेवा दे रहे ग्राम रक्षा दल के सदस्य
ग्राम रक्षा दल के सक्रिय सदस्य बबलू मंडल और गुड़िया देवी ने बताया कि वर्ष 2010 में तत्कालीन मुखिया रीना देवी ने आमसभा के माध्यम से उनका चयन किया था. इसके बाद से वे अलग-अलग अवसरों पर लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्राम रक्षा दल के सदस्य पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करते हैं.
सावन में बढ़ जाती है श्रद्धालुओं की भीड़
ग्राम रक्षा दल के सदस्यों ने बताया कि सावन के दौरान अगुवानी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है. सोमवार को विशेष रूप से बड़ी भीड़ जुटने की संभावना रहती है. ऐसे में पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है.
थानाध्यक्ष ने की ग्राम रक्षा दल के सहयोग की सराहना
परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने ग्राम रक्षा दल के सदस्यों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय स्तर पर मिलने वाला सहयोग महत्वपूर्ण है. पुलिस बल के साथ ग्राम रक्षा दल के सदस्य भी लगातार व्यवस्था संभालने में जुटे हैं.
मौके पर सुरेश दास, विपिन चौधरी, सुधीर पटेल, जयजयराम कुमार, अमन कुमार, पिंटू कुमार, पलटू झा, बबिता देवी, गीता देवी, साबो देवी, अनुपम कुमारी समेत कई ग्राम रक्षा दल के सदस्य मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए