मुंगेर गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान पांच बच्चियां डूबीं, एक का शव बरामद, तलाश में जुटी NDRF,SDRF की टीम
रोते-बिलखते परिजन.
GANGA BATH ACCIDENT: मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामपुर गंगा घाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान पांच बच्चियों के डूबने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रशासन ने तत्काल एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला गोताखोरों की टीम को मौके पर भेजकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. देर शाम गोताखोरों की टीम ने एक बच्ची का शव बरामद किया.
मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट
GANGA BATH ACCIDENT: मुंगेर के श्यामपुर गंगा घाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. डूबी बच्चियों में से एक 18 वर्षीय संगीता कुमारी का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि बाकी चार बच्चियों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार वासुदेवपुर थाना क्षेत्र निवासी क्रांति पासवान की चार बेटियां 18 वर्षीय संगीता कुमारी, 16 वर्षीय बिनीता कुमारी, 14 वर्षीय संध्या कुमारी और 12 वर्षीय सोनम कुमारी श्यामपुर गंगा घाट पर स्नान करने पहुंची थीं. इनके साथ चमक लाल पासवान की 19 वर्षीय बेटी हिना कुमारी भी घाट पर मौजूद थी. स्नान के दौरान सभी बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज धारा की चपेट में आ गईं. घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी.
सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही वासुदेवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन भी तत्काल सक्रिय हो गया. जिलाधिकारी के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला गोताखोरों की विशेष टीम को घटनास्थल पर भेजा गया. टीम ने गंगा में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया और देर शाम 18 वर्षीय संगीता कुमारी का शव बरामद कर लिया.
बाकी चार बच्चियों की तलाश जारी
प्रशासन की ओर से अभी तक बाकी चार बच्चियों के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. हालांकि स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि क्रांति पासवान की तीन बेटियां बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी तथा चमक लाल पासवान की बेटी हिना कुमारी अब भी लापता हैं. प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हर संभावित स्थान पर खोजबीन की जा रही है.
गांवों में पसरा मातम

घटना के बाद श्यामपुर और आसपास के गांवों में शोक और दहशत का माहौल है. संगीता कुमारी का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घाट पर मौजूद लोग बाकी बच्चियों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं. महिलाओं और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन बना हुआ है.
ALSO READ: मुंगेर के बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर में उमड़ रही भक्तों की भीड़, हर मनोकामना होती है पूरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










