बकाया मांगने पर डीजे संचालक की पीट-पीट कर हत्या, विरोध में सुलतानगंज-देवधर मार्ग किया जाम
Updated at : 19 Feb 2026 11:21 PM (IST)
विज्ञापन

असरगंज थाना क्षेत्र के अमैया गांव निवासी डीजे संचालक 30 वर्षीय चंदन सिंह को अपना बकाया रुपया मांगने पर बुधवार शाम लाठी-डंडे पीट-पीट कर घायल कर दिया था और देर रात मायागंज अस्पताल भागलपुर में ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी
विज्ञापन
मुंगेर.
असरगंज थाना क्षेत्र के अमैया गांव निवासी डीजे संचालक 30 वर्षीय चंदन सिंह को अपना बकाया रुपया मांगने पर बुधवार शाम लाठी-डंडे पीट-पीट कर घायल कर दिया था और देर रात मायागंज अस्पताल भागलपुर में ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मौत से आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार को सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग को दो घंटे तक जाम कर दिया. पुलिस व प्रशासनिक हस्तक्षेप से जाम हटाया गया. बताया जाता है कि अमैया गांव निवासी चंदन सिंह भागलपुर जिला के बाथ थाना क्षेत्र के झोझी मुशहरी में नया घर बना कर रह रहा था. वह टेंट हाउस का काम करता था. गांव के ही चितरंजन कुमार ने छह माह पूर्व उससे भाड़े पर टेंट और डीजे लिया था. जिसमें 1500 रुपये बकाये थे. वह बुधवार की देर शाम चाय दुकान पर बैठे चितरंजन से बकाये रुपये मांगने के लिए गया था. लेकिन उसने बकाया पैसा देने से इंकार कर दिया. इसके कारण दोनों के बीच मारपीट होने लगी. चितरंजन ने लाठी-डंडे से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी. जिसमें चंदन गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जिसे परिजन इलाज के लिए असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया. लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने भागलपुर रेफर कर दिया. भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.शव को सड़क पर रख किया प्रदर्शन
गुरुवार की सुबह मृतक का शव झोझी मुसहरी स्थित उसके घर पहुंचा. इसके बाद परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गये हो गये और शव को झोझी मुसहरी के समीप सड़क पर रख कर सुलतानगंज-देवघर मार्ग को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया. परिजन आरोपित की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे. सड़क जाम की सूचना पर भागलपुर जिले के लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी नवनीत कुमार, बाथ थानाध्यक्ष मंटू कुमार, सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, सुलतानगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे. तत्काल मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये का चेक दिया और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटाया. जाम लगभग दो घंटे तक रहा. जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
मृतक अपने पीछे पत्नी सोनम कुमारी और छह वर्षीय पुत्री देवासी को छोड़ गया. घटना के बाद से पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाला था. पत्नी लगातार अधिकारियों से पति के हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी.प्राथमिकी दर्ज, तत्काल सहायता के रूप में दिया 20 हजार का चेक
प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि तत्काल सहायता के रूप में परिजनों को 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया है. सरकार की ओर से मिलने वाली अन्य सहायता भी उपलब्ध करायी जायेगी. वहीं डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि परिजन के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




