रक्सौल में सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, विश्व कल्याण के लिए हुआ रुद्राभिषेक
हनुमान मंदिर में रूद्राभिषेक की पूजा करते भक्त.
सावन की पहली सोमवारी पर रक्सौल और सीमावर्ती नेपाल क्षेत्र के शिवालयों में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने बारिश के बावजूद भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व शांति की कामना की.
Raxaul News: सावन की पहली सोमवारी पर रक्सौल एवं सीमावर्ती नेपाल क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिरों में लगनी शुरू हो गईं. लगातार हो रही बारिश भी शिवभक्तों की आस्था को नहीं डिगा सकी. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व शांति की कामना की.
रक्सौल और वीरगंज के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रक्सौल स्थित भारतीय दूतावास परिसदन के हनुमान मंदिर, कोइरिया टोला के त्रिलोकीनाथ मंदिर, टुमड़िया टोला शिव मंदिर, कौड़िहार शिव मंदिर तथा रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शिव मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. वहीं नेपाल के वीरगंज स्थित अलखिया मठ, पशुपतिनाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में भी भक्तों का तांता लगा रहा.
बारिश के बीच हर-हर महादेव से गूंजे मंदिर
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरे दिन गूंजते रहे. सुहागिन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की कामना के लिए व्रत रखा, जबकि अविवाहित युवतियों ने मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए भगवान शिव की आराधना की.
भारतीय दूतावास परिसर में विशेष रुद्राभिषेक
भारतीय दूतावास परिसदन स्थित हनुमान मंदिर में भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया. इस अवसर पर विश्व शांति, देश की उन्नति और समाज के कल्याण की कामना की गई. मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा और आरती में भाग लिया.
सावन सेवा और सद्भाव का संदेश देता है : शशि कुमार गिरि
थावे मइयां राइस ब्रांड के चेयरमैन शशि कुमार गिरि ने कहा कि सावन केवल पूजा-पाठ का महीना नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सेवा और मानव कल्याण का संदेश देने वाला पावन अवसर है. उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से समाज में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, इसी उद्देश्य से पूरे सावन माह विशेष रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील भी की.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी सिविल कोर्ट भर्ती के अंतिम दिन आवेदन के लिए जिला नियोजन कार्यालय में उमड़ी भीड़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनोज कुमार गुप्ता
मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










