रक्सौल में बेटियों के लिए शुरू हुई खास पहल, सिलाई-कटाई-बुनाई, ब्यूटीशियन और मेहंदी की भी मिलेगी मुफ्त ट्रेनिंग

Updated:
विज्ञापन

नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान मौजूद प्रियंका गुप्ता, महिलाएं व छात्राएं  | Prabhat Khabar Network

रक्सौल में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की अनूठी पहल शुरू हुई है. 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की ओर से 80 लड़कियों को सिलाई, कटाई और बुनाई का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है. यह पहल उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने और परिवार का सहारा बनने में मदद करेगी.

विज्ञापन

Raxaul News: भारत-नेपाल सीमा पर बसे रक्सौल शहर में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल शुरू की गयी है. बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की रक्सौल जिलाध्यक्ष प्रियंका गुप्ता के नेतृत्व में 80 लड़कियों को सिलाई, कटाई और बुनाई का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है. 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आश्रम रोड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस पहल को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया.

80 बेटियों को मुफ्त प्रशिक्षण की शुरुआत

शहर के आश्रम रोड निवासी राजकुमार गुप्ता की पत्नी प्रियंका गुप्ता ने असहाय, आर्थिक रूप से मजबूर और आत्मनिर्भर बनने की इच्छा रखने वाली 80 लड़कियों को प्रशिक्षण देने की पहल की है. कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा महिला महामंत्री पार्वती तिवारी और समाजसेवी ज्योति राज गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया.

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रियंका गुप्ता ने सभी अतिथियों का दोशाला से स्वागत और सम्मान किया. इसके बाद प्रशिक्षण के लिए पहुंची छात्राओं को जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया.

बोलीं- हुनरमंद बनेंगी तो परिवार का सहारा बनेंगी

प्रियंका गुप्ता ने कहा कि लड़कियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं. यदि बेटियां हुनरमंद बनेंगी तो वे अपने माता-पिता का सहारा बन सकती हैं. विवाह के बाद भी आर्थिक रूप से अपने पति और परिवार का सहयोग कर सकती हैं.

उन्होंने कहा कि फिलहाल सिलाई, कटाई और बुनाई का प्रशिक्षण शुरू किया गया है. आगे चलकर ब्यूटीशियन और मेहंदी का भी नि:शुल्क प्रशिक्षण देने की योजना है. उन्होंने कहा कि रक्सौल की एक-एक बेटी को बचाएंगे, पढ़ाएंगे और आत्मनिर्भर बनाएंगे.

अतिथियों ने प्रयास को बताया सराहनीय

भाजपा महिला महामंत्री पार्वती तिवारी ने कहा कि रक्सौल में यह एक बेहतर शुरुआत है. इस तरह के प्रशिक्षण से शहर की लड़कियां आत्मनिर्भर बनेंगी. बेटी बोझ नहीं, बल्कि परिवार और समाज का सहारा बनेगी.

समाजसेवी ज्योति राज गुप्ता ने प्रियंका गुप्ता के प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की पहल से समाज की बेटियों को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिलेगा.

पहले भी कई बेटियों को मिला प्रशिक्षण

आयोजकों के अनुसार, सिलाई, कटाई और बुनाई का प्रशिक्षण पाकर कई बेटियां आत्मनिर्भर बन चुकी हैं. आर्थिक परेशानियों के कारण अपने सपनों को पीछे छोड़ने वाली बेटियों के लिए इस तरह के प्रशिक्षण को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया.

कार्यक्रम में शिक्षिका चंचल राज, सरिता कुमारी, प्रियंका कुमारी, सुमन कुमारी, स्वीटी देवी, अनीता देवी, राजनंदनी कुमारी, रानी कुमारी, काजल सिंह, पूजा कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और समाजसेवी मौजूद थे.


विज्ञापन
मनोज कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन