Motihari News: नेपाल में चोरी की बाइक बेचने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
नेपाल में चोरी की बाइक बेचने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
Motihari News: मोतिहारी जिला के पताही पुलिस ने गरहिया पुलिस के सहयोग से बाइक चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपी चोरी की बाइकों को नेपाल ले जाकर औने-पौने दामों में बेचते थे और शराब तस्करी में भी शामिल थे.पढे़ं पूरी खबर…
मोतिहारी / पताही से विकास कुमार सिह का रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है.पताही पुलिस ने गरहिया पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर बाइक चोर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा है. गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने छुपा कर रखी गई चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसौनी कपूर गांव निवासी पीयूष कुमार उर्फ छेदी और आकाश कुमार के रूप में हुई है. इस कार्रवाई के बाद से इलाके के वाहन चोरों में हड़कंपमच गया है.
गश्ती के दौरान धरे गए आरोपी, जांच में खुला राज
थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि गरहिया थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया था.गरहिया पुलिस ने जब पताही थाना से संपर्क कर सत्यापन किया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. दोनों युवक पताही थाना के बाइक चोरी कांड संख्या 143/25 के नामजद अभियुक्त निकले. इस मामले में आकाश पहले भी जेल जा चुका था, जबकि पीयूष उर्फ छेदी लगातार फरार चल रहा था. पुलिस दोनों को थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
नेपाल में 5 से 6 हजार में बेचते थे बाइक, शराब तस्करी से भी जुड़े तार
पुलिस की पूछताछ में दोनों चोरों ने बताया कि वे बाइक चोरी करने के बाद उसे नेपाल ले जाते थे. वहां महज 5 से 6 हजार रुपये में गाड़ियों को बेच दिया करते थे. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आकाश के परसौनीगवास स्थित ठिकाने से एक काले रंग की चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की. जांच में बाइक का चेचिस और इंजन नंबर बदला हुआ पाया गया. इसके अलावा दोनों आरोपियों ने शराब तस्करी के धंधे में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है. इस सफल छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष बबन कुमार के साथ दरोगाहेमचन्द्र यादव, दरोगा अजय कुमार और पुलिस बल शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










