Motihari News: पुराने विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, कॉलेज कैंपस में अपराधियों ने किया हमला

मृतक का फाइल फोटो
Motihari News:मोतिहारी के कोटवा कॉलेज में 20 वर्षीय रितेश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में यह मामला 6 महीने पुराने अपहरण और मारपीट के विवाद से जुड़ा पाया गया है. पुलिस ने आरोपी के घर से बाइक बरामद की है…
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवपुर परसा गांव में चल रहा छह माह पुराना विवाद सोमवार को खूनी रंजिश में बदल गया. कोटवा कॉलेज परिसर में परीक्षा देकर लौट रहे 20 वर्षीय रितेश कुमार की अपराधियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सरोज कुमार के घर से वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है.
कॉलेज में घात लगाकर बैठे थे अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रितेश कुमार सोमवार को कोटवा कॉलेज में परीक्षा देने गया था. जैसे ही वह एग्जाम देकर बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया. बदमाशों ने रितेश पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दिसंबर 2025 के विवाद से जुड़े हैं तार
इस हत्या के पीछे की वजह दिसंबर 2025 में हुई एक घटना बताई जा रही है. तब आरोपी सरोज कुमार के पिता ने अपहरण और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उस समय सरोज का अपहरण कर उसे मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया गया था. ग्रामीणों के मुताबिक, उसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था, जिसका अंत सोमवार को इस हत्याकांड के रूप में हुआ.
पुलिस की कार्रवाई और संदिग्धों से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई है. पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है. गांव में सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पर विचार किया जा रहा है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










