कल्याणपुर में संदिग्ध मौत मामले ने लिया नया मोड़, पत्नी ने चार लोगों पर हत्या का लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन
आरोपी किशन मिश्र को पुलिस गिरफ्तार कर भेजा जेल | Prabhat Khabar Network

आरोपी किशन मिश्र को पुलिस गिरफ्तार कर भेजा जेल

मोतिहारी के मेदन सिरसिया गांव में चार दिन पुरानी संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है. मृतक दीपा साह की पत्नी ने गांव के चार लोगों पर साजिश कर हत्या का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन

Motihari News: थाना क्षेत्र के मेदन सिरसिया गांव में चार दिन पहले हुई संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतक दीपा साह की पत्नी ने गांव के चार लोगों पर साजिश रचकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है.

पत्नी ने FIR में क्या आरोप लगाए?

मृतक की पत्नी लुकनी देवी ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पति घर पर खाना खा रहे थे. इसी दौरान गांव के किशन मिश्र धान की रोपनी कराने के बहाने उन्हें अपने साथ ले गए.

आवेदन के अनुसार, उन्होंने पहले पति को खाना पूरा करने देने का अनुरोध किया, लेकिन आरोप है कि किशन मिश्र उन्हें जबरन अपने साथ ले गए.

पोखरा के पास मारपीट और हत्या का आरोप

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि घर से दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित एक पोखरा के पास दीपा साह के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई.

शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर उन्हें पोखरा में धक्का दे दिया गया. जब वह बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तब रौनक मिश्र ने कथित रूप से नलकटुआ से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई.

चार लोगों पर साजिश रचने का आरोप

प्राथमिकी में संजय मिश्र और संतोष मिश्र पर भी साजिश रचने का आरोप लगाया गया है. शिकायत के अनुसार, घटना के बाद सभी आरोपित हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.

ये आरोप मृतक की पत्नी की शिकायत पर आधारित हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. त्वरित कार्रवाई करते हुए किशन मिश्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

उन्होंने बताया कि अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की जांच जारी है.


विज्ञापन
Subodh Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन