मोतिहारी: पिस्टल लहराने की सूचना से मचा हड़कंप, दरवाजा खोलने में टालमटोल के बाद पुलिस ने तीन युवकों को दबोचा
पुलिस गिरफ्त मे आरोपी
मोतिहारी में शराब पार्टी के दौरान पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. घर से कारतूस और एयरगन बैरल भी मिले.
Motihari News: मोतिहारी. शहर के अगरवा मोहल्ले में शराब पार्टी कर हंगामा और पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने की सूचना पर नगर थाना पुलिस ने सोमवार की रात कार्रवाई की. पुलिस ने चार मंजिले मकान में छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान रसोईघर के स्लैब और गैस चूल्हे पर 9 एमएम के सात जिंदा कारतूस बरामद किये गये. वहीं, बगल के कमरे से एयरगन का लोहे का बैरल भी मिला.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान केसरिया के बनकट निवासी और वर्तमान में अगरवा निवासी प्रिंस कुमार चौधुर, कोटवा के सौबैया निवासी और वर्तमान में अगरवा निवासी साहिल कुमार तथा केसरिया के दरमाहा विशुनपुरा निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है. वहीं, अगरवा वार्ड नंबर-38 निवासी निखिल कुमार मौके से फरार हो गया.
पिस्टल लहराने की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
सदर वन डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक शराब के नशे में कभी छत तो कभी खिड़की से पिस्टल लहराकर मोहल्ले में दहशत फैला रहे हैं.
सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, प्रिंस कुमार चौधुर के घर में शराब पार्टी चल रही थी और युवक नशे में हंगामा करने के साथ हथियार लहराकर लोगों को धमका रहे थे.
दरवाजा खोलने में टालमटोल, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
सूचना मिलने पर सअनि भीम पासवान, जवान रविन्द्र पासवान और मो. इमरान मौके पर पहुंचे. मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस ने काफी देर तक आवाज देकर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया.
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. पुअनि मनोज कुमार, पुअनि संजीव कुमार, महिला सिपाही रूपा भारती समेत पुलिस बल की मौजूदगी में स्थानीय लोगों के सामने दरवाजा खुलवाया गया.
इसके बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग कमरों से तीनों युवकों को पकड़ लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान तीनों ने धक्का-मुक्की कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की मदद से उन्हें काबू कर लिया गया.
रसोई में मिले 9 एमएम के सात जिंदा कारतूस
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को रसोईघर के स्लैब और गैस चूल्हे पर 9 एमएम के सात जिंदा कारतूस मिले. इसके अलावा बगल के कमरे से एयरगन का लोहे का बैरल भी बरामद किया गया.
पुलिस ने गिरफ्तार युवकों से कारतूस और बैरल के संबंध में पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके.
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि युवक पिस्टल लहराकर मोहल्ले में दहशत फैला रहे थे. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद कारतूस और एयरगन बैरल का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और कथित पिस्टल कहां है.
निखिल कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
पुलिस कार्रवाई के दौरान अगरवा वार्ड नंबर-38 निवासी निखिल कुमार मौके से फरार हो गया. पुलिस के अनुसार, उसने भीड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफलता पायी.
पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है. साथ ही बरामद कारतूस और एयरगन बैरल के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है.
ब्रेथ एनालाइजर में प्रिंस के शरीर में 67 एमजी अल्कोहल
गिरफ्तार तीनों युवकों को नगर थाना लाया गया, जहां ब्रेथ एनालाइजर से शराब सेवन की जांच की गयी.
पुलिस के अनुसार, प्रिंस कुमार चौधुर और साहिल कुमार में अल्कोहल की पुष्टि हुई, जबकि दीपक कुमार की जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई. प्रिंस के शरीर में 67 एमजी अल्कोहल की मात्रा पायी गयी.
पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
ये भी पढ़ें: कविता के मंच पर चमकी अंजली की प्रतिभा, MGCU में पहला पुरस्कार जीतकर बनाई खास पहचान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए