15 अगस्त से शुरू होगी JEE-NEET की मुफ्त कोचिंग, मोतिहारी के दो स्कूलों में बदलेंगे स्मार्ट क्लासरूम

Updated:
विज्ञापन
JEE NEET फ्री कोचिंग: मोतिहारी में बदलेंगे स्मार्ट क्लासरूम

प्रतीकात्मक तस्वीर

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) 15 अगस्त, 2026 से JEE और NEET के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग शुरू कर रही है. मोतिहारी के दो स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम की समस्या सामने आई है, जिन्हें अब बदला जाएगा. यह सुनिश्चित करेगा कि छात्रों को बिना किसी बाधा के उच्च गुणवत्ता वाली ऑनलाइन शिक्षा मिले.

विज्ञापन

JEE NEET Online Coaching: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) की ओर से चयनित विद्यालयों में 15 अगस्त 2026 से JEE और NEET की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग शुरू की जानी है. इससे पहले मोतिहारी के दो स्कूलों में बनाए गए स्मार्ट क्लासरूम निरीक्षण के दौरान अनुपयुक्त पाए गए हैं. अब मुख्यालय ने इन कमरों को तुरंत बदलने का निर्देश दिया है.

यह बदलाव महंगे डिजिटल उपकरणों की सुरक्षा और निर्बाध ऑनलाइन पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है.

निरीक्षण में सामने आई सीलन की समस्या

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के क्षेत्रीय कार्यालय, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर की ओर से जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार चयनित विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कराया गया.

निरीक्षण में पाया गया कि चिन्हित क्लासरूम की दीवारों और छत में सीलन है. अधिकारियों ने इसे स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल उपकरणों के लिए अनुपयुक्त माना.

मुख्यालय ने जारी किया नया निर्देश

सत्यापन रिपोर्ट की समीक्षा के बाद मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि सीलन वाले कमरों की जगह विद्यालय में किसी अन्य सुरक्षित कक्ष का चयन किया जाए.

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नया कमरा कम से कम 50 छात्रों के बैठने की क्षमता वाला होना चाहिए और उसमें स्मार्ट क्लास संचालन के लिए सभी आवश्यक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध हों.

दोबारा होगा भौतिक सत्यापन

विभाग ने स्कूल प्रबंधन को जल्द से जल्द क्लासरूम बदलकर इसकी रिपोर्ट भेजने को कहा है. इसके बाद नए कक्ष का दोबारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा, ताकि 15 अगस्त से प्रस्तावित ऑनलाइन कक्षाएं बिना किसी बाधा के शुरू हो सकें.

इन दो स्कूलों को मिला निर्देश

मुख्यालय के निर्देश के तहत मुजीब गर्ल्स हाई स्कूल और गोपाल साह विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को स्मार्ट क्लासरूम बदलने और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित कक्ष उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

बीएसईबी की इस पहल के तहत चयनित छात्रों को विषय विशेषज्ञों द्वारा JEE और NEET की ऑनलाइन तैयारी कराई जाएगी.


विज्ञापन
हिमांशु कुमार

लेखक के बारे में

By हिमांशु कुमार

हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन