Motihari News: ऑटो चालक ने पुलिस जांच का डर दिखाकर महिला के जेवर ठगे, लिफाफे में कंकड़ थमाकर फरार

जांच’ का डर दिखाकर महिला के जेवर ठगे,
Motihari News: मोतिहारी के केसरिया में एक ऑटो चालक ने पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर महिला से एक लाख के जेवर ठग लिए. चालक ने जेवर के बदले कंकड़ भरा लिफाफा थमाया और फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है…
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है. शादी समारोह में शामिल होने जा रही एक महिला को ऑटो चालक ने झांसा देकर करीब एक लाख रुपये के जेवर और दो हजार रुपये नकद ठग लिए. घटना मंगलवार को राजपुर चौक के समीप हुई. ठगी की शिकार महिला साहेबगंज थाना क्षेत्र के भीमपुर पकड़ी निवासी बबिता देवी बताई गई हैं.
पुलिस जांच का डर दिखाकर उतरवाए जेवर
बताया जाता है कि बबिता देवी पीताम्बर चौक से कल्याणपुर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुई थीं. ऑटो में पहले से चार अन्य लोग बैठे थे. रास्ते में चालक ने महिला को डराते हुए कहा कि आगे पुलिस की सघन जांच चल रही है. उसने झांसा दिया कि जेवर पहनकर जाने पर पुलिस पूछताछ और परेशानी हो सकती है, इसलिए वे इन्हें उतारकर सुरक्षित रख लें.
जेवर की जगह थमाया कंकड़ भरा लिफाफा
चालक की बातों में आकर महिला ने कान के झुमके, मंगलसूत्र और अन्य जेवर उतारकर उसे दे दिए. राजपुर चौक पहुँचने पर चालक ने सीएनजी भराने का बहाना बनाया और महिला को ऑटो से नीचे उतार दिया. इस दौरान उसने जेवर वाला लिफाफा देने के बजाय कंकड़ से भरा एक दूसरा लिफाफा महिला को थमा दिया और तेजी से ऑटो लेकर फरार हो गया.
पुलिस कर रही है आरोपितों की पहचान
काफी देर तक जब ऑटो वापस नहीं आया, तब महिला ने लिफाफा खोलकर देखा. कंकड़ देखकर उसे ठगी का अहसास हुआ और वह शोर मचाने लगी. सूचना मिलने के बाद केसरिया थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और ऑटो चालक व उसमें सवार अन्य संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










