Motihari News: चंपारण का 'सफेद सोना', मिथिलांचल के बाद अब पूर्वी चंपारण बनेगा मखाना हब, पलायन रोकने में मिली बड़ी सफलता

Published at :11 May 2026 11:30 AM (IST)
विज्ञापन
Motihari News east champaran makhana farming growth banjariya lalan sahni blue economy

मखाना के पौधे की तस्वीर

Motihari News: पूर्वी चंपारण के बंजरिया में मखाना खेती ने पकड़ी रफ्तार. जीआई टैग मिलने के बाद किसानों का बढ़ा रुझान, धनौती नदी क्षेत्र बना नया केंद्र. पलायन रोकने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में 'सफेद सोना' साबित हो रहा है मददगार. पढें पूरी खबर…

विज्ञापन

Motihari News: कभी नील की खेती के लिए पहचाना जाने वाला चंपारण अब ‘मखाने’ की मिठास से अपनी नई पहचान लिख रहा है. केंद्र सरकार द्वारा मखाने को जीआई टैग मिलने के बाद पूर्वी चंपारण के किसानों ने इस पारंपरिक खेती को स्वरोजगार का मुख्य जरिया बना लिया है. बंजरिया प्रखंड की धनौती नदी के तटीय इलाकों में अब मखाने की लहलहाती फसल किसानों की किस्मत बदल रही है.

दशक भर का संघर्ष और ललन सहनी की पहल

बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष और प्रगतिशील किसान ललन कुमार सहनी इस खेती को पुनर्जीवित करने के लिए पिछले 10 वर्षों से डटे हुए हैं. धनौती नदी क्षेत्र में करीब 20 से 25 एकड़ में मखाना उत्पादन शुरू कर उन्होंने एक मिसाल पेश की है. ललन सहनी बताते हैं कि उनके पिता स्व. दरोगा चौधरी भी इसी खेती से जुड़े थे, और अब वह इस विरासत को ‘ब्लू इकॉनमी’ का आधार बना रहे हैं. जलकुंभी और पानी की किल्लत जैसी चुनौतियों के बावजूद यहाँ उत्तम क्वालिटी का मखाना तैयार हो रहा है.

रुका पलायन, मजदूरों को मिला घर में काम

मखाना खेती का सबसे बड़ा प्रभाव स्थानीय रोजगार पर पड़ा है. कठिन और श्रमसाध्य होने के बावजूद, स्थानीय मजदूर खुश हैं कि उन्हें अब पंजाब या हरियाणा जैसे राज्यों में भटकने की जरूरत नहीं है. 70 वर्षीय बुजुर्ग रामबरण महतो कहते हैं कि नई पीढ़ी को पूर्वजों की परंपरा से जुड़ते देख सुकून मिलता है.

अगला लक्ष्य: 100 किसानों को जोड़ना

मखाने की खेती को लेकर बढ़ते रुझान को देखते हुए, अगले वर्ष कम से कम 100 नए किसानों को इस मुहिम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही रफ्तार रही, तो पूर्वी चंपारण जल्द ही मिथिलांचल के बाद मखाना उत्पादन का दूसरा सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा.

मोतिहारी बंजरिया से राज निखिल का रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन