मोतिहारी: नई टोल नीति लागू, निजी वाहन और बाइक को छूट, व्यावसायिक वाहनों से होगी वसूली
सांकेतिक तस्वीर
मोतिहारी में नई टोल नीति के तहत सड़कों और पुलों पर टोल टैक्स वसूली की तैयारी शुरू हो गई है. निजी वाहन, बाइक और छोटे वाहनों को टोल टैक्स से छूट मिलेगी, वहीं व्यावसायिक वाहनों से अक्टूबर-नवंबर से वसूली शुरू हो सकती है.
Motihari Toll News: नई टोल नीति के तहत सड़कों और पुल-पुलियों पर टोल टैक्स वसूली की तैयारी शुरू हो गई है. इसी क्रम में जिले के एसएच-54 के 27 और एसएच-74 के 49 पुल-पुलियों समेत कुल 76 पुलों का सर्वे कराया गया है. सर्वे की जिम्मेदारी पुल निर्माण निगम को दी गई थी. अब तक की रिपोर्ट के अनुसार इन पुलों पर आमलोगों को टोल टैक्स नहीं देना होगा. हालांकि मोतिहारी-ढाका एसएच-54 तथा अरेराज, केसरिया और साहेबगंज वाले एसएच-74 पर व्यावसायिक वाहनों से टोल वसूली की प्रक्रिया अंतिम चरण में है.
एसएच-54 और एसएच-74 के 76 पुलों का हुआ सर्वे
नई टोल नीति के तहत पुल निर्माण निगम के अधिकारी एवं कर्मियों ने एसएच-54 और एसएच-74 के पुल-पुलियों का सर्वे किया. एसएच-54 पर 27 और एसएच-74 पर 49 पुल-पुलियों का निरीक्षण किया गया. विभागीय रिपोर्ट के अनुसार किसी भी पुल को अलग से आमलोगों से टोल वसूली के लिए चिह्नित नहीं किया गया है.
व्यावसायिक वाहनों से ही लिया जाएगा टोल
नई नीति के तहत निजी वाहन, बाइक और छोटे निजी वाहनों को टोल टैक्स से छूट मिलेगी. वहीं व्यावसायिक वाहनों से निर्धारित दर के अनुसार टोल वसूला जाएगा. अरेराज, केसरिया और साहेबगंज क्षेत्र में व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण यहां टोल वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.
अक्टूबर-नवंबर से टोल वसूली की तैयारी
विभाग के अनुसार संबंधित मार्गों पर टोल वसूली शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. अक्टूबर से नवंबर के बीच टोल वसूली शुरू करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
निगरानी के लिए बनेगी विशेष यूनिट
टोल वसूली की निगरानी के लिए राज्य स्तर पर कमर्शियल ऑपरेशन एंड मैनेजमेंट यूनिट का गठन किया गया है. पथ निर्माण विभाग के अवर सचिव ने इस संबंध में जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों को पत्र भेजकर जानकारी दी है. यूनिट टोल एजेंसियों के कामकाज और टोल वसूली का पूरा लेखा-जोखा रखेगी.
मोतिहारी-ढाका पथ पर भी टोल की प्रक्रिया
आरसीडी के कार्यपालक अभियंता मोतिहारी ओमप्रकाश ने बताया कि मोतिहारी-ढाका पथ का करीब 20 किलोमीटर हिस्सा मोतिहारी प्रमंडल के अधीन है, जबकि शेष हिस्सा ढाका डिविजन में आता है. ढाका डिविजन में टोल टैक्स की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
वहीं ढाका डिविजन के कार्यपालक अभियंता अंजनी कुमार ने बताया कि पुल-पुलियों का सर्वे कराया गया है. सर्वे में टोल के लिए अलग से कोई उपयुक्त पुल नहीं मिला, लेकिन एसएच-74 के अरेराज, केसरिया और साहेबगंज क्षेत्र में व्यावसायिक वाहनों के परिचालन को देखते हुए टोल वसूली की जाएगी.
निजी एजेंसी को दी जा सकती है टोल वसूली की जिम्मेदारी
टोल वसूली के लिए निजी एजेंसी का चयन पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा. कमर्शियल ऑपरेशन एंड मैनेजमेंट यूनिट सड़कों से गुजरने वाले व्यावसायिक वाहनों की संख्या का आकलन कर टोल दर निर्धारित करने में भी भूमिका निभाएगी. जिला स्तर पर इसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है.
भारत माला सड़क पर शिकारगंज में टोल वसूली शुरू
चकिया-चोरमा-शिकारगंज-ढाका-फुलवरिया घाट होते हुए बैरगनिया, सीतामढ़ी और नेपाल को जोड़ने वाली भारतमाला सड़क पर टोल वसूली शुरू कर दी गई है. विभाग के अनुसार फिलहाल टोल की दर कम रखी गई है. शिकारगंज थाना के पास स्थित सड़क पर टोल वसूली की जा रही है.
यह भी पढ़ें: नेपाल में विमान ईंधन चोरी का खुलासा, पेट्रोल पंप संचालक समेत सात गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By हिमांशु कुमार
हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










