हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मोतिहारी, सुबह से शाम तक भोलेनाथ के दरबार में उमड़ी आस्था

सावन के पहले दिन मोतिहारी के शिवालयों में हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा शहर। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
Sawan 2026: सावन माह की शुरुआत गुरुवार को मोतिहारी में गहरी आस्था और उत्साह के साथ हुई. सावन के पहले ही दिन जिले के छोटे-बड़े शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग और पूजा सामग्री लेकर भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे.
दिनभर "हर-हर महादेव", "बोल बम" और "ॐ नमः शिवाय" के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे.
सुबह से शाम तक लगी रही लंबी कतारें
शहर के कचहरी चौक स्थित जगदंबा धाम दुर्गा मंदिर, एलआरपी कॉलोनी शिव मंदिर, बलुआ शिव मंदिर, चांदमारी दुर्गा मंदिर, चांदमारी माता मंदिर, नर्सिंग बाबा मंदिर, बेलीसराय महादेव मंदिर, मीना बाजार स्थित जय माता दी मंदिर, पंच मंदिर, देवराहा बाबा आश्रम, चंचल बाबा आश्रम, नगर भवन स्थित महादुर्गा मंदिर और गायत्री मंदिर सहित कई शिवालयों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं.
श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार कर भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक करते रहे.
सुख-समृद्धि और खुशहाली की मांगी कामना
महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना करते हुए जल अर्पित किया.
कई श्रद्धालुओं ने सावन के पहले दिन व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा भी की.
मंदिरों में दिखी भक्तिमय छटा
श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन माह में भगवान शिव को जल अर्पित करने और सच्चे मन से पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. इसी विश्वास के साथ बड़ी संख्या में लोग मंदिरों में पहुंचे.
मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजे मंदिरों में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और शिवभक्ति से सराबोर नजर आया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By हिमांशु कुमार
हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










