ePaper

बिहार के मोतिहारी निवासी 4 युवकों की गुरुग्राम में झुलसने से मौत, मृतकों में एक ही परिवार के 3 लोग शामिल

Updated at : 26 Oct 2024 11:18 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार के मोतिहारी निवासी 4 युवकों की गुरुग्राम में झुलसने से मौत, मृतकों में एक ही परिवार के 3 लोग शामिल

Motihari News: बिहार के मोतिहारी निवासी 4 युवकों की गुरुग्राम में एक हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी. आग में झुलसकर चारों की मौत हुई है. परिजनों में कोहराम मचा है.

विज्ञापन

Motihari News: बिहार के मोतिहारी निवासी 4 युवकों की मौत गुरुग्राम में एक हादसे में हो गयी. घोड़ासहन थाना क्षेत्र के खैरवा लौखान के एक ही परिवार के तीन युवकों समेत 4 युवकों की जान हरियाणा के गुरुग्राम में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग में आकर झुलसने से हो गयी. इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार समेत पूरे गांव में कोहराम मच गया. घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही हैं.

4 मृतकों में 3 युवक एक ही परिवार के सदस्य

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के सरस्वती एनक्लेव में किराए के कमरे में सो रहे चार युवकों की एक साथ मौत हो गयी. शॉर्ट सर्किट से हुई अगलगी की घटना में बुरी तरह झुलसने से चारों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान खैरवा टोला लौखान निवासी मो.शकूर के दो पुत्र, 26 वर्षीय नूर आलम व 22 वर्षीय पुत्र मुश्ताक आलम, मो. मोफीज मियां के 18 वर्षीय पुत्र मो.अमन तथा चिरैया थाना क्षेत्र के मो.सैफीउल्लाह के 20 वर्षीय पुत्र मो.साहिल आलम के रूप में की गई हैं. मृतक नूर आलम, मुश्ताक व अमन एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं तथा मो. साहिल मृतक नूर आलम व मुश्ताक के रिश्ते में ममेरे भाई बताए जा रहे है.

ALSO READ: Bihar News: पटना में दलदल में धंसा था बुजुर्ग, केवल सिर और हाथ था बाहर, जानिए कैसे बची जान…

क्या है पूरी घटना?

मृतक के चाचा मो. हफिज ने बताया कि करीब दो-तीन वर्षों से नूर आलम, मुश्ताक आलम व मो.साहिल हरियाणा के गुरुग्राम रहकर पर्ल ग्लोबल लिमिटेड कंपनी में सिलाई का कार्य करते थे. वहीं मो. अमन वहां अपने माता-पिता के साथ रहकर पढ़ाई करने के साथ ही पार्ट टाइम जॉब भी करता था. उन्होंने बताया कि घटना की देर शाम सभी मृतक कम्पनी में कार्य करके अपने कमरे में लौटे व खाना बना खाकर सभी सो गए. देर रात्रि करीब साढ़े 12 बजे अगल-बगल के लोग व सड़क पर चल रहे राहगीरों ने उनके कमरे से धुंआ व आग की लपटें देखा तो बगल के मकान में सो रहे मृतक नूर आलम के पिता शकूर मियां को इसकी सूचना दी. जिसके बाद घटनास्थल पहुंचे शकूर व लोगों ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन अंदर से दरवाजा बंद होने के कारण नही खुला.

कमरा नहीं खुला तो पुलिस व दमकल की टीम को बुलाया

बताया गया कि जब तमाम प्रयास के बाद कमरा नहीं खुला तो लोगो ने पुलिस व अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी. जिसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस व अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ कर आग पर काबू पाया. तब तक सभी चारों युवकों की बुरी तरह झुलसने से मौत हो गई थी. इस दौरान पुलिस ने सभी शवो को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम की करवाई में जुट गई.

बिहार से रवाना हुए परिजन

इधर घटना की सूचना मिलते ही मृतक नूर आलम की मां रुबैसा खातून, पत्नी नुरसबा खातून, बहन व भाई समेत 10 लोग पटना से फ्लाइट से दिल्ली को रवाना हो गए. वहीं घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई हैं. मृतक नूर आलम के दो पुत्री एक दो वर्ष व एक तीन माह की है. जबकि मृतक मुश्ताक की बीते 6 अक्टूबर को मोतिहारी में शादी से पूर्व सगाई हुई थी.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन