मोतिहारी: आंगनबाड़ी केंद्रों में पोशाक वितरण पर सवाल, गुणवत्ता और सही साइज सुनिश्चित करने के निर्देश

मोतिहारी: आंगनबाड़ी केंद्रों में पोशाक वितरण पर सवाल, गुणवत्ता और सही साइज सुनिश्चित करने के निर्देश
पूर्वी चंपारण जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को बांटी जा रही पोशाकों की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था सवालों के घेरे में है. अभिभावकों ने लड़कों को कम ड्रेस मिलने और साइज की समस्या को लेकर शिकायतें दर्ज कराई हैं.
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को वितरित की जा रही पोशाक की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है. कई अभिभावकों ने शिकायत की है कि लड़कों को निर्धारित संख्या से कम पोशाक मिली, जबकि लड़कियों को पूरी संख्या में ड्रेस उपलब्ध कराई गई. इसके अलावा कई बच्चों को उनकी उम्र और कद के अनुरूप साइज नहीं मिलने से ओवरसाइज पोशाक मिलने की बात भी सामने आई है.
गुणवत्ता और साइज को लेकर बढ़ीं शिकायतें
जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्रों पर नामांकित बच्चों के लिए विभाग की ओर से पोशाक उपलब्ध कराई जाती है. इसके लिए जीविका समूहों को कपड़ा उपलब्ध कराया जाता है और उनसे पोशाक की सिलाई कराई जाती है. सिलाई कार्य के बदले विभाग की ओर से निर्धारित राशि का भुगतान भी किया जाता है.
इसके बावजूद पोशाक की गुणवत्ता, सही साइज और निर्धारित संख्या में वितरण को लेकर शिकायतें सामने आने से पूरी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
छोटे बच्चों को मिली बड़ी पोशाक
अभिभावकों का कहना है कि कई छोटे बच्चों को उनकी लंबाई और उम्र के अनुसार पोशाक नहीं मिली. कई बच्चों की ड्रेस इतनी बड़ी है कि उसे पहनने में परेशानी हो रही है. इससे यह सवाल उठ रहा है कि सिलाई के दौरान बच्चों के माप का ध्यान क्यों नहीं रखा गया.
लड़कों को कम, लड़कियों को पूरी ड्रेस मिलने का दावा
अभिभावकों के मुताबिक, इस बार लड़कों को निर्धारित संख्या से कम पोशाक दी गई है, जबकि लड़कियों को पूरी संख्या में ड्रेस मिली है. ऐसे में वितरण प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
लोगों का कहना है कि जब विभाग की ओर से सिलाई और वितरण के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है, तो बच्चों को सही साइज और पूरी संख्या में गुणवत्तापूर्ण पोशाक क्यों नहीं मिल रही है.
विभाग ने सुधार के दिए निर्देश
मामले पर प्रभारी आईसीडीएस डीपीओ निधि कुमारी ने कहा कि पोशाक की गुणवत्ता में कमी की शिकायत परियोजना स्तर से प्राप्त हुई थी. इसके बाद संबंधित पक्ष को सुधार करते हुए गुणवत्तापूर्ण पोशाक वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढे़ं: मोतिहारी: MGCUB में PG की रिक्त सीटों पर ओपन काउंसलिंग शुरू, 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सामंत कुमार गौतम
सामंत वर्ष 2013 से यानी पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वाणिज्य (बी.कॉम) और कानून (एलएलबी) स्नातक सामंत को समाचार संकलन, संपादन, कंप्यूटर तकनीक और समाचार प्रबंधन का व्यापक अनुभव है. ये पत्रकारिता के साथ-साथ समाचारों के तकनीकी व प्रबंधकीय कार्यों में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










