वर्षों तक रुका रहा वेतन, पति की मौत के बाद जागा विभाग, अब लगातार हो रही कार्रवाई

प्रतीकात्मक तस्वीर
पूर्वी चंपारण के शिक्षा विभाग में एक दुखद घटना के बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। शिक्षिका के पति की मौत के बाद लंबित वेतन का भुगतान हुआ और कई अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू की गई है।
Motihari News: वर्षों से लंबित वेतन और उसके बाद हुई एक दुखद घटना ने पूर्वी चंपारण के शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन शुरू करा दिया है. राउमवि गायघाट कन्या, हरसिद्धि की शिक्षिका रश्मि स्वराज के पति अरविंद कुमार की कार्यालय परिसर में तबीयत बिगड़ने और अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत के बाद विभाग ने बकाया वेतन जारी करने के साथ कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
डीईओ कार्यालय ने इस पूरे मामले में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी है.
कार्यालय परिसर में बिगड़ी थी तबीयत
शिक्षा विभाग के अनुसार, 11 जुलाई को शिक्षिका के पति अरविंद कुमार की जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में अचानक तबीयत खराब हो गई थी.
कार्यालय कर्मियों और सुरक्षा गार्ड की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई. विभाग ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
वर्षों से लंबित वेतन का हुआ भुगतान
घटना के बाद शिक्षिका के लंबे समय से लंबित वेतन के मामले की समीक्षा की गई.
विभाग ने नियमानुसार रश्मि स्वराज का बकाया वेतन जारी कर दिया है.
जांच के बाद दो प्रधानाध्यापक निलंबित
मामले की जांच जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) की संयुक्त टीम से कराई गई.
जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर विद्यालय के वर्तमान प्रधानाध्यापक अमिन्द्र सिंह और तत्कालीन प्रधानाध्यापक संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
तत्कालीन बीईओ और लिपिक पर भी कार्रवाई की तैयारी
हरसिद्धि के सेवानिवृत्त तत्कालीन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राम विनय यादव के खिलाफ भी विभागीय एवं प्रशासनिक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है.
वहीं, स्थापना शाखा के संचिका प्रभारी सह लिपिक अमित कुमार सिंह से वेतन संबंधी संचिका वापस लेकर दूसरे लिपिक को सौंप दी गई है. उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर को भेजी गई है.
इसके अलावा विभागीय स्तर पर दो से तीन अन्य लिपिकों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है.
अब हर महीने होगी शिक्षकों की समस्याओं की समीक्षा
भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए डीएम सौरभ सुमन यादव ने बड़ा निर्णय लिया है.
अब जिले के सभी शिक्षकों के वेतन, बकाया भुगतान, सेवानिवृत्ति लाभ और अन्य शिकायतों के निपटारे के लिए हर महीने जिला स्तर पर मासिक सुनवाई और समीक्षा की जाएगी.
डीईओ बोले- शिक्षकों को परेशान करने वालों पर होगी कार्रवाई
डीईओ राजन कुमार गिरी ने कहा कि शिक्षकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो अधिकारी या कर्मचारी शिक्षकों को अनावश्यक रूप से परेशान करेंगे या तय समय पर कार्य नहीं करेंगे, उन्हें चिन्हित कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी. साथ ही शिक्षकों से अपील की कि यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या हो तो वे साक्ष्य के साथ कार्यालय में आवेदन दें, ताकि उनकी शिकायत का समय पर समाधान किया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अमृतेश कुमार
अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










