मोतिहारी: मधुबन में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण
Motihari News: पूर्वी चंपारण के मधुबन थाना क्षेत्र में जलसा के दौरान हुए विवाद के बाद 20 वर्षीय युवक फहद खान की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. जानिए खबर विस्तार से…
मोतिहारी के मधुबन से शशि चंद्र तिवारी की रिपोर्ट
Motihari News: मधुबन थाना क्षेत्र के भेलवा पंचायत अंतर्गत गुलाब खान गांव में बुधवार देर रात 20 वर्षीय युवक फहद खान की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जलसा के दौरान हुआ था विवाद
मृतक की पहचान वार्ड संख्या 11 निवासी पप्पू खान के पुत्र फहद खान के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार गांव में आयोजित जलसा के दौरान फहद खान का फहरान खान और मो. सलीम के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन घर लौटने के दौरान रास्ते में दोनों आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से फहद की मौके पर ही मौत हो गई.
जमीन विवाद का भी सामने आया एंगल
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक और आरोपी पक्ष के बीच पिछले एक वर्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी या जलसा में हुआ विवाद तत्काल कारण बना.
आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
घटना की सूचना पर पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन और थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों आरोपियों के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










