औरंगाबाद में दिल दहलाने वाली घटना: अरथुआ इंजीनियरिंग कॉलेज के पास धावा नदी में मिले एक ही परिवार के 3 शव

Edited by Vivek Pandey
Updated:
विज्ञापन

Mother Daughters Death: औरंगाबाद के रफीगंज स्थित धावा नदी में मां और दो मासूम बेटियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

विज्ञापन

Mother Daughters Death: (सुजीत कुमार सिंह) औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड स्थित अरथुआ इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप धावा नदी में बुधवार सुबह एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची रफीगंज थाना पुलिस ने तीनों शवों को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया.

मृतकों की पहचान अरथुआ निवासी टुन्नू रवानी की 30 वर्षीय पत्नी सोनिया देवी, उनकी चार वर्षीय पुत्री रानी कुमारी तथा तीन वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है.

घरेलू विवाद की आशंका, पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार रात सोनिया देवी और उनके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी. इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि महिला देर रात अपनी दोनों बेटियों को लेकर घर से निकली थीं. हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या या किसी अन्य कारण की पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

सुबह नदी में तैरते मिले तीनों शव

बुधवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने नदी में शव तैरते देख पुलिस को सूचना दी. देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर रफीगंज थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और अंचल अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.

विधायक ने जताया शोक, निष्पक्ष जांच की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि एक मां और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है. विधायक ने कहा कि यदि पारिवारिक प्रताड़ना या किसी अन्य कारण की आशंका है तो उसकी निष्पक्ष एवं गहन जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई हो सके.

इसे भी पढ़ें: अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर

विज्ञापन
Vivek Pandey

लेखक के बारे में

By Vivek Pandey

विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने ​बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. ​बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. ​जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन