बिहार के इंजीनियर पर SVU का रेड, पटना के फ्लैट में मिले 81 लाख के गहने और कैश, 11 साल में बना ली अकूत संपत्ति
कागजात की जांच करती हुई एसवीयू की टीम
Bihar SVU Raid: बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में SVU ने बांका के कार्यपालक इंजीनियर हरेन्द्र कुमार के पांच ठिकानों पर छापा मारा. पटना, वैशाली और बांका में हुई कार्रवाई में 12.92 लाख रुपये कैश, करीब 81 लाख के गहने और आठ जमीन-फ्लैट के कागजात मिले. कुल संपत्ति 2.20 करोड़ से ज्यादा बताई गई है.
Bihar SVU Raid: बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने कार्रवाई की है. टीम ने लघु जल संसाधन विभाग के बांका प्रमंडल के कार्यपालक इंजीनियर हरेन्द्र कुमार के पांच ठिकानों पर मंगलवार को छापा मारा.
पटना, वैशाली और बांका में हुई इस कार्रवाई के दौरान अब तक उनकी ज्ञात आय से करीब 2.20 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल और अचल संपत्ति का पता चला है. इंजीनियर और उनकी पत्नी के नाम आठ जमीन और फ्लैट के कागजात भी मिले हैं.
पत्रकारनगर के फ्लैट से 81 लाख के गहने मिले
SVU की टीम ने पटना के पत्रकारनगर स्थित जनक नंदनी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 307 में भी तलाशी ली. यहां से 9.50 लाख रुपये नकद मिले. इसके अलावा करीब 81 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के गहने भी बरामद किए गए. टीम को कार, बाइक और स्कूटी जैसी महंगी चीजों की खरीद से जुड़े बिल और वाउचर भी मिले हैं.
वैशाली के पातेपुर स्थित सिमरवारा गांव में इंजीनियर के पैतृक घर की भी तलाशी ली गई. यहां से 3.42 लाख रुपये नकद मिले. इसके अलावा जमीन से जुड़े दो कागजात भी टीम के हाथ लगे. SVU के अनुसार, अलग-अलग जगहों से मिली नकदी को जोड़ने पर कुल 12.92 लाख रुपये कैश बरामद हुआ है.
11 साल की नौकरी में 8 जमीन-फ्लैट खरीदने का पता
SVU के मुताबिक हरेन्द्र कुमार साल 2015 में सरकारी नौकरी में आए थे. जांच में अभी तक उनके और उनकी पत्नी के नाम कुल आठ जमीन और फ्लैट की जानकारी मिली है. इनमें छह संपत्तियां पटना में और दो वैशाली में बताई गई हैं. टीम अब इन संपत्तियों से जुड़े कागजात की जांच कर रही है. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि इन संपत्तियों को खरीदने के लिए पैसा कहां से आया.
पत्रकारनगर में 71.72 लाख का फ्लैट
जांच के दौरान सामने आई संपत्तियों में पटना के पत्रकारनगर का फ्लैट भी शामिल है. यह फ्लैट मई 2023 में 71.72 लाख रुपये में खरीदे जाने की जानकारी मिली है. इसके अलावा मीठापुर कृषि फार्म के पास 26.76 लाख रुपये का एक और फ्लैट खरीदे जाने का पता चला है. दानापुर में अगस्त 2024 में 15 लाख रुपये की जमीन खरीद का भी रिकॉर्ड मिला है.
बेउर से संपतचक तक जमीन की खरीद
दस्तावेजों की जांच में साल 2016 में बेउर चौराहे के पास 12.47 लाख रुपये में जमीन खरीदने की जानकारी मिली है. इसके बाद मई 2024 में पटना के संपतचक में 4.38 लाख रुपये की जमीन खरीदे जाने का रिकॉर्ड मिला. पटना के परसा में भी 4.38 लाख रुपये में डेढ़ डिसमिल जमीन खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है.
पत्नी के नाम वैशाली में भी जमीन
SVU को वैशाली के महुआ इलाके में 5.50 लाख रुपये की जमीन खरीदे जाने का पता चला है. वहीं पातेपुर में इंजीनियर की पत्नी के नाम 3.12 लाख रुपये का प्लॉट खरीदे जाने की जानकारी मिली है. जांच टीम अब इन सभी संपत्तियों के कागजात और इंजीनियर की आय का मिलान कर रही है. इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संपत्तियां खरीदने में इस्तेमाल पैसे का स्रोत क्या था.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पांच बैंक खातों की भी जानकारी मिली
छापेमारी के दौरान SVU को भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और बंधन बैंक में इंजीनियर और उनकी पत्नी के नाम पांच बैंक खातों की जानकारी भी मिली है. इन खातों में जमा पैसे की भी जांच की जा रही है. टीम बैंक खातों के लेनदेन और मिली संपत्तियों के बीच संबंध की भी जांच कर रही है.
जांच पूरी होने के बाद बदल सकता है संपत्ति का आंकड़ा
SVU ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. छापेमारी के दौरान मिले जमीन और फ्लैट के कागजात, बैंक खातों की जानकारी, नकदी, गहने और दूसरी चीजों की जांच जारी है. एजेंसी के अनुसार, अभी जांच पूरी नहीं हुई है.
दस्तावेजों और दूसरे रिकॉर्ड की जांच के बाद आय से अधिक संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा और साफ हो सकता है. जरूरत पड़ने पर सामने आई संपत्तियों की कीमत और कुल आंकड़े में बदलाव भी हो सकता है.
इसे भी पढ़ें: 25 अगस्त से बिहार के इन तीन जिलों में बंद होंगी डीजल सिटी बसें, पटना-मुजफ्फरपुर-गयाजी में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










