Madhubani News : प्रखंड उर्वरक निगरानी सह अनुश्रवण समिति की बैठक में छाया रहा अधिक कीमत पर खाद बेचने का मामला

Published by : GAJENDRA KUMAR Updated At : 31 Dec 2025 10:44 PM

विज्ञापन

इ-किसान भवन के सभागार में प्रमुख सोनी देवी की अध्यक्षता में बुधवार को प्रखंड उर्वरक निगरानी सह अनुश्रवण समिति की बैठक हुई.

विज्ञापन

बेनीपट्टी. इ-किसान भवन के सभागार में प्रमुख सोनी देवी की अध्यक्षता में बुधवार को प्रखंड उर्वरक निगरानी सह अनुश्रवण समिति की बैठक हुई. संचालन प्रखंड कृषि पदाधिकारी नौशाद अहमद ने की. इस दौरान सदस्यों ने रबी फसलों की खेती के लिए उत्पन्न हुई उर्वरक की समस्या खत्म करने और आवश्यकता के अनुसार उचित मूल्य पर पर्याप्त उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने की मांग की. साथ ही उर्वरक की उपलब्धता में सहूलियत के लिये मधुबनी में रैक पॉइंट लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रस्ताव रखा. सदस्यों ने कहा कि रबी फसलों में यूरिया, डीएपी और पोटाश आदि खादों की उपयोगिता अधिक होती है. इसलिये उर्वरक वितरकों के पास इन खादों की भरपूर मात्रा में सरकारी दर पर उपलब्धता सुनिश्चित कराने की पहल करने की जरूरत है. सदस्यों ने सभी खाद दुकानों पर खाद का स्टॉक, मूल्य की सूचनापट्ट पर अंकित कराने, सभी खाद दूकानदारों के द्वारा अपने यहां खाद का स्टॉक रखने और हर किसान को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर लेकर ही पॉश मशीन के माध्यम से मूल किसान को उर्वरक उपलब्ध कराने की भी बात कही. सदस्यों ने कहा कि उर्वरक निगरानी समिति की बैठक कर खानापूरी करने से किसानों का कोई भला नही होने वाला है. जब किसानों को जरूरत थी तो सरकारी दर से काफी अधिक मूल्य 266 रुपये प्रतिकिलो वाली यूरिया 350 से 400 रुपये, 1350 रुपये वाली डीएपी 1700 से 1800 रुपये और 1800 रुपये वाली पोटाश 2100 से 2200 रुपये में मुश्किल से मिल पा रहा था और अधिकारी चुप्पी साधे बैठे थे. वक्ताओं ने यह भी कहा कि बैठक के अलावे खादों की कालाबाजारी की रोकथाम के लिये टास्क फोर्स सक्रिय रहे और किसानों के साथ अलग-अलग जगहों पर बैठक कर किसानों की समस्या को भी सुनी जाए. बीएओ ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में करीब तीन दर्जन अनुज्ञप्ति धारक खाद विक्रेताओं के पास फिलहाल 48 एमटी मिक्चर खाद, 14 एमटी डीएपी, 90 एमटी यूरिया व 17 एमटी पोटाश समेत करीब 169 एमटी खाद उपलब्ध है. जरूरत पड़ने पर और खाद मंगवाया जा सकेगा. मौके पर बीडीओ महेश्वर पंडित, बीसीओ सुरेश राम, प्रखंड बीस सूत्री समिति के अध्यक्ष बबलू गुप्ता, भाजपा के जय सुंदर मिश्र, मदन कुमार कर्ण, जदयू के बचनू मंडल, भाकपा के आनंद कुमार झा, कृषि समन्वय संजीव कुमार, कृषि कर्मी श्याम कुमार झा, खाद विक्रेता रंजीत कुमार झा उर्फ बुल्लू, रवि कुमार झा उर्फ चुन्नू, सुजीत झा, कन्हैया महतो व डब्लू चौधरी समेत किसान सलाहकार मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GAJENDRA KUMAR

लेखक के बारे में

By GAJENDRA KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन