150 बच्चे, व्हीलचेयर पर बुजुर्ग और कड़ी सुरक्षा... मुख्य चुनाव आयुक्त के स्वागत में मिथिला हाट में क्या-क्या हुआ?
1- गार्ड ऑफ ऑनर स्वीकारते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 2- स्कूली बच्चों के साथ फोटो खिंचवाते मुख्य चुनाव आयुक्त 3- बैंक्वेट हॉल में प्रवेश करते मुख्य चुनाव आयुक्त | Prabhat Khabar Network
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने झंझारपुर के मिथिला हाट का दौरा किया। उन्होंने वहां मिथिलांचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
Madhubani News: भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार दोपहर अररिया संग्राम स्थित मिथिला हाट पहुंचे. उनके आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं. बैंक्वेट हॉल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और प्रवेश द्वार पर रेड कारपेट बिछाया गया था. इस दौरान स्वीप कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों और बीएलओ की मौजूदगी में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं.
Jhanjharpur News: हेलीपैड पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
मुख्य चुनाव आयुक्त का हेलीकॉप्टर दोपहर 2:55 बजे अररिया संग्राम दुर्गा स्थान परिसर में बने हेलीपैड पर उतरा. वहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस दौरान डीएम आनंद शर्मा और एसपी समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
इसके बाद अधिकारियों के काफिले के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त सीधे मिथिला हाट पहुंचे.
भंसा घर में लिया मिथिलांचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद
मिथिला हाट पहुंचने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त पहले भंसा घर गए. वहां उन्हें मिथिलांचल के पारंपरिक व्यंजन परोसे गए. भोजन में मरुआ की रोटी, तिलकोर का तरुआ, तीसीयौरी, दूध बगिया, सतंजा रोटी, बीरिया और बड़ी समेत कई स्थानीय व्यंजन शामिल थे.
भोजन के बाद वे अधिकारियों के साथ बैंक्वेट हॉल पहुंचे, जहां स्वीप कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ कार्यक्रम
मुख्य चुनाव आयुक्त के आगमन को लेकर बैंक्वेट हॉल तक जाने वाले रास्तों पर दोपहर 12 बजे के बाद वाहनों और बाइक के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी. हॉल के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी.
पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे. कार्यक्रम की कवरेज के लिए पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों को बैंक्वेट हॉल के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई.
तिरंगा टी-शर्ट में पहुंचे करीब 150 छात्र-छात्राएं
मुख्य चुनाव आयुक्त के स्वागत के लिए अररिया संग्राम और आसपास के पांच सरकारी विद्यालयों के करीब 150 छात्र-छात्राओं को बुलाया गया था. सभी बच्चे तिरंगा अंकित टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे.
बैंक्वेट हॉल में बुजुर्गों के बैठने की भी व्यवस्था की गई थी. इंतजार के दौरान अररिया गांव निवासी बुजुर्ग नंदलाल मंडल बाहर जाने लगे तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोककर व्हीलचेयर की मदद से हॉल के अंदर पहुंचाया.
शाम 4:40 बजे बैंक्वेट हॉल से निकले मुख्य चुनाव आयुक्त
बैंक्वेट हॉल के अंदर स्वीप कार्यक्रम के तहत बच्चे और बीएलओ मौजूद रहे. करीब 4:40 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त बैंक्वेट हॉल से बाहर निकले. बाहर उन्होंने अररिया संग्राम विद्यालय के छात्रों के साथ खड़े होकर तस्वीर खिंचवाई और इसके बाद आगे रवाना हो गए.
यह भी पढ़ें: मस्जिद से निकले थे दो बच्चे, फिर नहीं लौटे घर, परिजनों की बढ़ी चिंता

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










