मधुबनी: 31 जुलाई तक सीएमआर जमा नहीं किया तो 18 पैक्स अध्यक्षों की जा सकती है सदस्यता

Updated:
विज्ञापन
जिला सहकारिता कार्यकाल मधुबनी | Prabhat Khabar Network

मधुबनी जिला सहकारिता कार्यालय

मधुबनी जिले में धान खरीद के बाद कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) जमा करने में लापरवाही पर 18 पैक्स अध्यक्षों को नोटिस जारी किया गया है. 31 जुलाई तक बकाया चावल जमा न करने पर उनकी सदस्यता समाप्त की जा सकती है.

विज्ञापन

Madhubani News: जिले में इस वर्ष धान खरीद के बाद कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) जमा करने में लापरवाही बरतने वाले पैक्स अध्यक्षों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है. सहकारिता विभाग ने 18 पैक्स अध्यक्षों को नोटिस जारी कर 31 जुलाई तक राज्य खाद्य निगम को बकाया चावल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. तय समय सीमा के भीतर सीएमआर जमा नहीं होने पर संबंधित पैक्स अध्यक्षों की सदस्यता समाप्त करने और वसूली की कार्रवाई शुरू की जाएगी.

68,409 एमटी के मुकाबले 5,600 एमटी चावल अब भी बकाया

सहकारिता विभाग के अनुसार, इस वर्ष धान खरीद के एवज में पैक्स और व्यापार मंडलों को राज्य खाद्य निगम को 68,409 मीट्रिक टन चावल उपलब्ध कराना है. अब तक अधिकांश चावल जमा हो चुका है, लेकिन करीब 5,600 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति अभी शेष है.

जिला सहकारिता पदाधिकारी सुदर्शन कुमार ने बताया कि सीएमआर जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित है. समय सीमा के भीतर चावल जमा नहीं करने वाले पैक्स पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

18 पैक्स को जारी किया गया नोटिस

विभाग के अनुसार, 18 पैक्स ऐसे हैं, जिन पर तीन लॉट से अधिक चावल बकाया है. इनमें प्रमुख रूप से लखनौर प्रखंड का गंगापुर पैक्स, अंधराठाढ़ी का अंधरा गोठ, मधवापुर का सलेमपुर उतरा, बासोपट्टी के सेलिबेली और छतौनी पैक्स, जयनगर के ड्योढ़ा दक्षिण, रजौली, कोरहिया, छतौनी तथा राजनगर प्रखंड का सीबीपट्टी पैक्स सहित अन्य शामिल हैं.

समय पर आपूर्ति नहीं हुई तो होगी कड़ी कार्रवाई

जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि जिले के अन्य 102 पैक्स पर भी कुछ मात्रा में सीएमआर बकाया है, लेकिन जिन 18 पैक्स पर तीन लॉट से अधिक चावल लंबित है, उन्हें विशेष नोटिस जारी किया गया है. यदि 31 जुलाई तक बकाया सीएमआर जमा नहीं किया गया तो संबंधित पैक्स अध्यक्षों की सदस्यता समाप्त करने के साथ-साथ बकाया की वसूली की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.


विज्ञापन
Kunjan Kumar Putti

लेखक के बारे में

By Kunjan Kumar Putti

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन