मधुबनी के खिलाड़ियों का पेंचक सिलाट में जलवा, गोल्ड जीतकर नेशनल के लिए चयन, डीएम ने किया सम्मानित

खिलाड़ियों को सम्मानित करते जिलाधिकारी आनंद शर्मा
Madhubani Sports News: पेंचक सिलाट में शानदार प्रदर्शन कर मधुबनी के खिलाड़ियों ने जिले का नाम रोशन किया है. हिमांशु कुमार यादव ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अभिजीत कुमार झा का सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है. जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया.
मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
Madhubani Sports News: 6वीं राज्य पेंचक सिलाट चैंपियनशिप ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित गोल्डन कराटे अकादमी के खिलाड़ियों को जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सम्मानित किया. इस दौरान हिमांशु कुमार यादव, सुहासनी और अभिजीत कुमार झा को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं.
हिमांशु ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर मधुबनी और बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं के लिए यह उपलब्धि प्रेरणादायक है.
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
गोल्डन कराटे अकादमी के खिलाड़ी हिमांशु कुमार यादव और सुहासनी का चयन 14वीं जूनियर राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ था, जिसका आयोजन 25 से 28 जून तक नासिक (महाराष्ट्र) में किया गया. वहीं अभिजीत कुमार झा का चयन सीनियर राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है, जिसका आयोजन 6 से 8 जुलाई तक शिलांग (मेघालय) में होगा.
सुहासनी ने भी किया बेहतरीन प्रदर्शन
राष्ट्रीय जूनियर प्रतियोगिता में हिमांशु कुमार यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं सुहासनी ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया, लेकिन कड़े मुकाबले के बाद क्वालिफिकेशन राउंड से आगे नहीं बढ़ सकीं.
अभिजीत से भी स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद
गोल्डन कराटे अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक अरुण कुमार चौधरी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता वर्षों की मेहनत का परिणाम है. उन्होंने बताया कि अभिजीत कुमार झा सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शिलांग रवाना होंगे और उनसे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: घर के बाहर से उठाकर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का आरोप, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










