Madhubani News: मधुबनी में बेखौफ बदमाशों का तांडव, पिस्टल के बल पर हार्डवेयर कारोबारी से 3 लाख लूटे
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 27 May 2026 5:13 PM
मधुबनी में बेखौफ बदमाशों का तांडव, पिस्टल के बल पर हार्डवेयर कारोबारी से 3 लाख लूटे(AI IMAGE)
Madhubani News: मधुबनी के बाबूबरही में नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल के बल पर हार्डवेयर व्यवसायी ललित कुमार सिंह से 3 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया. कलेक्शन कर लौटने के दौरान अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया.पढ़ें पूरी खबर...
Madhubani News: मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है. बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने पिस्टल के बल पर एक हार्डवेयर व्यवसायी से 3 लाख रुपये नकद और उनका मोबाइल फोन लूट लिया. घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है.
कलेक्शन कर लौटने के दौरान वारदात
पीड़ित व्यवसायी ललित कुमार सिंह बाबूबरही थाना क्षेत्र के अमोला गांव के रहने वाले हैं और हार्डवेयर का थोक कारोबार करते हैं. उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वे अपनी मोटरसाइकिल से बकाया रकम के कलेक्शन के लिए निकले थे. विक्रमसेर, तेघरा, पिपराही और खोजपुर गांवों से व्यापारियों से रुपये वसूलने के बाद वे शाम को वापस घर लौट रहे थे.
पिस्टल दिखाकर रोका, डिक्की तोड़करउड़ाए रुपये
शाम करीब 5:30 बजे जैसे ही ललित कुमार सिंह गंगा पेट्रोल पंप और भूपट्टी चौक के बीच पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने उनका पीछा कर उन्हें जबरन रोक लिया. अपराधियों ने व्यवसायी की कनपटी पर पिस्टल सटा दी और उनकी जेब में रखे 1 लाख रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया. इसके बाद भी अपराधियों का मन नहीं भरा, तो उन्होंने बाइक की डिक्की को जबरन तोड़ दिया और उसमें रखे बाकी के 2 लाख रुपये भी निकाल लिए.
खुटौना की तरफ भागे अपराधी, जांच में जुटी पुलिस
इस बड़ी लूट को अंजाम देने के बाद दोनों शातिर अपराधी अपनी बाइक से खुटौना की ओर तेजी से फरार हो गए. घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय बाबूबरही थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.
रिपोर्ट : अवनीश कुमार कर्ण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










