Madhubani News: जनरल स्टोर में लगी भीषण आग, कारोबारी का 10 लाख का सामान नष्ट
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 27 May 2026 5:30 PM
जनरल स्टोर में लगी भीषण आग
Madhubani News: मधुबनी के बाबूबरही में रामपुर चौक पर एक जनरल स्टोर में आग लगने से तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं. पीड़ित ने जानबूझकर आग लगाने की आशंका जताई है, पुलिस जांच में जुटी है.पढ़ें पूरी खबर...
Madhubani News: मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र से आगजनी की एक बड़ी घटना सामने आई है. रामपुर चौक पर स्थित एक जनरल स्टोर में बुधवार तड़के अज्ञात असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर आग लगा दी. इस भीषण अग्निकांड में तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है.
तड़के सुबह आग का तांडव, तीन दुकानें चपेट में
मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर चौक निवासी दुर्गानंद साहू की जनरल स्टोर की दुकान में बुधवार तड़के करीब 2:30 बजे अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि उन्होंने पास में स्थित महेश्वर ठाकुर की दवा दुकान और घूरन राय की चाय-नाश्ते की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया.
लाखों का सामान खाक, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
आग की उठती लपटों को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी और बालू डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुर्गानंद साहू की जनरल स्टोर में रखा करीब 10 लाख रुपये का सामान और दुकान का ढांचा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था. इसके साथ ही अन्य दो दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
साजिश की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित दुकानदार दुर्गानंद साहू ने आरोप लगाया है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं है, बल्कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रंजिश के तहत जानबूझकर उनकी दुकान में आग लगाई है. घटना से पीड़ित दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस मामले को लेकर स्थानीय बाबूबरही थाना में लिखित आवेदन दिया गया है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की तकनीकी और स्थानीय स्तर पर छानबीन शुरू कर दी है.
रिपोर्ट : अवनीश कुमार कर्ण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










