मधुबनी : केवटी बीडीओ के ठिकानों पर ईओयू का छापा, चार घंटे तक खंगाले गए दस्तावेज

Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 27 May 2026 4:07 PM

विज्ञापन

केवटी बीडीओ के मधुबनी स्थित पैतृक आवास पर छापेमारी करती ईओयू की टीम

Madhubani News: केवटी बीडीओ चंद्र मोहन पासवान के मधुबनी स्थित पैतृक आवास और एक हेल्थ केयर सेंटर पर ईओयू ने छापेमारी की. चार घंटे चली इस कार्रवाई में टीम ने एक डायरी और कई अन्य संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए हैं. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Madhubani News: भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितता के मामलों को लेकर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. ईओयू की अलग-अलग टीमों ने दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंद्र मोहन पासवान के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. यह कार्रवाई मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव बौसी और बाबूबरही पूर्वी बाजार स्थित जीटी मेमोरियल हेल्थ केयर में की गई.

दो डीएसपी के नेतृत्व में चार घंटे तक चली सघन तलाशी

दो अलग-अलग डीएसपी के नेतृत्व में पहुंची ईओयू की टीमों ने सुबह 8:15 बजे दोनों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की. करीब चार घंटे तक चली इस कार्रवाई में घर और परिसर के चप्पे-चप्पे को खंगाला गया. इस दौरान बीडीओ के बड़े भाई और खजौली के स्टेशन अधीक्षक विश्वमोहन पासवान के घर की भी तलाशी ली गई और उनसे पूछताछ की गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, बीडीओ अपने इस पुराने पैतृक मकान पर साल में कभी-कभार ही आते-जाते हैं.

छापेमारी में डायरी और कई अहम दस्तावेज जब्त

हालांकि, शुरुआती जांच में टीम को सीधे तौर पर कोई बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित पुख्ता कागजात या बेहिसाब नकदी नहीं मिली है. लेकिन, आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बौंसी स्थित आवास से टीम को अन्य व्यक्तियों के नाम के कुछ संदिग्ध दस्तावेज, आठ पन्नों में लिखी एक रहस्यमयी डायरी और रेलवे विभाग से इस्तीफा (रिजाइन) देने से संबंधित एक आवेदन मिला है. ईओयू की टीम इन सभी दस्तावेजों को जब्त कर अपने साथ ले गई है और आगे की जांच में जुट गई है.

मधुबनी से अवनीश कुमार कर्ण की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन