गंगौर में भीषण अग्निकांड, दो दुकानें जलकर राख, 18 लाख का नुकसान

Updated:
विज्ञापन
madhubani-fire-news-gangaur-bank-chowk-two-shops-burnt-basopatti

भीषण आग लगने के बाद जलकर राख हुई दुकानों का दृश्य

Madhubani Fire News: बासोपट्टी के गंगौर बैंक चौक पर देर रात भीषण आग लगने से एक साड़ी शोरूम और साइकिल दुकान जलकर राख हो गई. दुकानदार ने करीब 18 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है. जनप्रतिनिधियों ने पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है

विज्ञापन

मधुबनी के बासोपट्टी से रमन मिश्रा की रिपोर्ट

Madhubani Fire News: हरलाखी थाना क्षेत्र के गंगौर बैंक चौक के निकट स्थित मां दुर्गा ड्रेसेज एंड साड़ी शोरूम में रविवार देर रात भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने बगल की एक साइकिल दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना में दोनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं. सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान नष्ट हो चुका था.

रात ढाई बजे लगी आग, मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब ढाई बजे दुकान में अचानक आग लग गई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कपड़ा दुकान के संचालक दुर्गेश कुमार को दी. जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक पूरा शोरूम आग की लपटों में घिर चुका था.

दमकल ने ग्रामीणों के सहयोग से बुझाई आग

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि आग की तीव्रता के कारण दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया.

18 लाख रुपये से अधिक नुकसान का दावा

मां दुर्गा ड्रेसेज एंड साड़ी शोरूम के संचालक दुर्गेश कुमार ने बताया कि आग में कीमती कपड़े, फर्नीचर, काउंटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान जल गया. उन्होंने करीब 18 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया. वहीं साइकिल दुकान संचालक अरुण महतो ने बताया कि उनकी दुकान में रखी साइकिलें और अन्य सामान भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए.

जनप्रतिनिधियों ने की मुआवजे की मांग

घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख गोपाल दास, मुखिया शिवचंद्र मिश्रा, सरपंच धनिक लाल यादव, डॉ. बी.के. यादव, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि युगल किशोर यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. सभी ने पीड़ित दुकानदारों को उचित मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन