जमीन की रजिस्ट्री हुई आसान, अब मोबाइल पर मिलेगा दस्तावेज, पेपरलेस निबंधन की तैयारी

Updated:
विज्ञापन

जिला अवर निबंधन कार्यालय मधुबनी

मधुबनी में जमीन की खरीद-बिक्री और निबंधन प्रक्रिया अब बेहद आसान हो गई है. नई ऑनलाइन व्यवस्था के तहत गैर न्यायिक स्टांप पर जमीन का विवरण देने की आवश्यकता समाप्त हो गई है. निबंधन पूरा होते ही दस्तावेज की कॉपी सीधे क्रेता के मोबाइल पर भेजी जाएगी.

विज्ञापन

Madhubani News: मधुबनी जिला निबंधन कार्यालय में जमीन की खरीद-बिक्री और निबंधन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई है. अब जमीन की जानकारी गैर न्यायिक स्टांप पर लिखकर देने की आवश्यकता नहीं होगी. जमीन से जुड़ी आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी और निबंधन के बाद दस्तावेज की कॉपी क्रेता के मोबाइल पर भेजी जाएगी.

गैर न्यायिक स्टांप पर जमीन का विवरण देने की जरूरत नहीं

जिला अवर निबंधन पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि पहले गैर न्यायिक मुद्रांक पर जमीन से संबंधित जानकारी दी जाती थी. अब यह विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा. इससे क्रेता और विक्रेता दोनों के लिए निबंधन प्रक्रिया अधिक आसान और व्यवस्थित हो जाएगी.

निबंधन के साथ मोबाइल पर मिलेगा दस्तावेज

नई व्यवस्था के तहत निबंधन पूरा होने के बाद क्रेता को दस्तावेज की कॉपी मोबाइल पर ही उपलब्ध कराई जाएगी. पहले की तरह अलग से दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है. इससे कागजी प्रक्रिया कम होगी और दस्तावेज प्राप्त करने में भी सुविधा मिलेगी.

खाता-खेसरा और जमीन का रकबा देना अनिवार्य

जिला अवर निबंधन पदाधिकारी ने बताया कि विक्रेता को जमीन के पुराने खाता, खेसरा, चौहद्दी और जमीन का रकबा उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा. इन जानकारियों के आधार पर जमीन का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से निबंधन प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है.

अंगूठे का निशान और फेस फोटो की प्रक्रिया रहेगी जारी

नई ऑनलाइन व्यवस्था के बावजूद क्रेता और विक्रेता की पहचान से जुड़ी पूर्व प्रक्रिया जारी रहेगी. निबंधन के दौरान हाथ के अंगूठे का निशान और फेस फोटो लिया जाएगा. गैर न्यायिक मुद्रांक की राशि भी पहले की तरह ही निर्धारित रहेगी और यह राशि सरकार के खाते में जाएगी.

दो सौ से अधिक जमीन का हो चुका निबंधन

निबंधन कार्यालय के अनुसार नई प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब तक दो सौ से अधिक जमीन का निबंधन किया जा चुका है. विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पेपरलेस निबंधन की प्रक्रिया को और विस्तार दिया जाएगा.

कातिब के माध्यम से ही होगा निबंधन

नई व्यवस्था में निबंधन कार्यालय में कार्यरत कातिब के माध्यम से ही जमीन का निबंधन कराया जाएगा. कातिब का निबंधन संख्या संबंधित कागजात पर दर्ज करना अनिवार्य होगा. इससे निबंधन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: हल्की हवा चली नहीं कि बिजली गुल! झंझारपुर में 15 दिनों से फॉल्ट और ब्रेकडाउन से लोग परेशान


विज्ञापन
Kunjan Kumar Putti

लेखक के बारे में

By Kunjan Kumar Putti

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन