हल्की हवा चली नहीं कि बिजली गुल! झंझारपुर में 15 दिनों से फॉल्ट और ब्रेकडाउन से लोग परेशान
बिजली आपूर्ति ठप
मधुबनी के झंझारपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में पिछले 15 दिनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है. हल्की हवा चलते ही फॉल्ट और ब्रेकडाउन की समस्या बढ़ जाती है, जिससे आम उपभोक्ताओं, विद्यार्थियों और किसानों को भारी परेशानी हो रही है. समाजसेवी नीतीश रंजन ने विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है, अन्यथा विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है.
मधुबनी पावर कट: झंझारपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के लखनौर पीएसएस से जुड़े फीडरों में पिछले 15 दिनों से बिजली आपूर्ति की स्थिति खराब बनी हुई है. बिजली रहने के दौरान भी हर घंटे आपूर्ति बाधित होने से आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हल्की हवा या मौसम में मामूली बदलाव होते ही फॉल्ट और ब्रेकडाउन की समस्या बढ़ जा रही है.
इसको लेकर भूतपूर्व सैनिक एवं समाजसेवी नीतीश रंजन ने नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है. उन्होंने कहा है कि लगातार बिजली बाधित होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है.
हवा चलते ही बढ़ जाती है फॉल्ट की समस्या
नीतीश रंजन ने पत्र में कहा है कि लखनौर पीएसएस से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के दौरान बार-बार ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या सामने आ रही है. हल्की हवा चलने या मौसम में मामूली बदलाव के बाद भी ब्रेकडाउन हो जाता है. उनका कहना है कि ट्री प्रूनिंग और तारों के रखरखाव के बावजूद विद्युत आपूर्ति की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है.
उन्होंने विभाग से सभी फीडरों की तकनीकी स्थिति की विस्तृत जांच कराने की मांग की है, ताकि बार-बार होने वाले फॉल्ट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
विद्यार्थी और किसानों की बढ़ी परेशानी
लगातार बिजली कटौती का असर आम उपभोक्ताओं के साथ विद्यार्थियों, किसानों, छोटे व्यवसायियों और बुजुर्गों पर भी पड़ रहा है. बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण पढ़ाई प्रभावित होने के साथ छोटे कारोबारियों को भी कामकाज में परेशानी हो रही है. किसानों को सिंचाई से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
युद्धस्तर पर मेंटेनेंस कराने की मांग
पत्र में लखनौर पीएसएस से जुड़े सभी फीडरों की तकनीकी जांच कराने के साथ ट्री प्रूनिंग, तारों और विद्युत लाइनों के मेंटेनेंस समेत अन्य जरूरी सुधारात्मक कार्य युद्धस्तर पर कराने की मांग की गयी है. उद्देश्य यह है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सके.
नीतीश रंजन ने कहा कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो झंझारपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा. उन्होंने विभाग से उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें: मृत्यु के बाद भी दे सकते हैं 8 लोगों को नई जिंदगी, देह-अंग और नेत्रदान को लेकर जागरूकता पर जोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









