झंझारपुर में भी गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प, मंत्री नीतीश मिश्रा ने दिलाई शपथ

लाइव प्रसारण देखते मंत्री नीतीश मिश्रा व अन्य | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान की शुरुआत की है. यह राष्ट्रव्यापी अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें देश के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना है. झंझारपुर में मंत्री नीतीश मिश्रा की मौजूदगी में लोगों ने नशामुक्ति की शपथ ली.
Nasha Mukti Abhiyan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान की शुरुआत की. इसका सीधा प्रसारण झंझारपुर नगर परिषद स्थित सम्राट अशोक भवन में भी किया गया, जहां स्थानीय विधायक सह मंत्री नीतीश मिश्रा की मौजूदगी में लोगों ने नशामुक्ति की शपथ ली.
100 सप्ताह तक चलेगा अभियान
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक चलेगा. हर रविवार देशभर में नशा मुक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना, उन्हें जागरूकता का वाहक बनाना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है.
मंत्री ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
सम्राट अशोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री नीतीश मिश्रा ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों को नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई. उन्होंने कहा कि नशा परिवार, समाज और देश की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है. यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो मिथिलांचल और बिहार का भविष्य सुरक्षित होगा.
उन्होंने कहा कि सरकार स्कूल, कॉलेज और पंचायत स्तर पर लगातार नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाएगी.
प्रशासन और नगर परिषद ने भी किया आह्वान
एसडीएम टोनी कुमारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता नशे की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाना है. इसके लिए लगातार छापेमारी और निगरानी की जाएगी. साथ ही स्कूलों में काउंसलिंग और खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जाएगी.
नगर परिषद अध्यक्ष बबीता शर्मा ने बताया कि वार्ड स्तर पर स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरी और पोस्टर अभियान चलाए जाएंगे.
कार्यक्रम में सीओ प्रशांत कुमार झा, कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार, राजू मंडल, विनय कुमार झा, दीपक पोद्दार, पिंटू दास, रामशंकर ठाकुर, प्रदीप ठाकुर, संजय साह, चंद्रशेखर यादव, सुमन कुमार, ललन पासवान सहित शिक्षक, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










