Madhubani News. परदेस से आने वालों को दिसंबर के दूसरे सप्ताह से मिलेगा कंफर्म टिकट

Updated at : 11 Sep 2024 9:02 PM (IST)
विज्ञापन
Madhubani News. परदेस से आने वालों को दिसंबर के दूसरे सप्ताह से मिलेगा कंफर्म टिकट

पर्व-त्योहार व लगन में परदेस से घर आने व पर्व एवं त्योहार के बाद परदेस वापस जाने वाले लोगों को काउंटर से कंफर्म टिकट मिलना वर्तमान में मुश्किल हो गया है.

विज्ञापन

Madhubani News. मधुबनी. पर्व-त्योहार व लगन में परदेस से घर आने व पर्व एवं त्योहार के बाद परदेस वापस जाने वाले लोगों को काउंटर से कंफर्म टिकट मिलना वर्तमान में मुश्किल हो गया है. ऐसे में परदेस आने जाने वाले लोगों को कंफर्म टिकट के लिए निजी टिकट एजेंटों या फिर सामर्थ्यवान लोगों के लिए हवाई यात्रा ही विकल्प है. स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से प्रतिदिन बमुश्किल एक से दो टिकट ही तत्काल में कंफर्म हो पाता है. जबकि तत्काल टिकट लेने वालों की संख्या काउंटर पर दर्जनों में रहती है. रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार वर्तमान में परदेस से आने जाने वाले यात्रियों को दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह से ही कन्फर्म टिकट उपलब्ध होगा. इसमें एसी 3 में 5 दिसंबर व स्लीपर में 10 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. वहीं परदेस जाने वाले यात्रियों को स्लीपर में 18 दिसंबर व एसी 3 में 9 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. रिजर्वेशन काउंटर से मिली जानकारी के इस समय पीआरएस व यूटीएस काउंटर पर टिकट की बिक्री भी प्रभावित हुआ है. विडंबना यह है कि तत्काल टिकट के लिए पीआरएस काउंटर पर यात्रियों भीड़ अहले सुबह से ही लगी रहती है. फिर भी पीआरएस काउंटर से एक या दो तत्काल टिकट ही उपलब्ध होता है. वहीं रेलवे में स्लीपर की जगह एसी में टिकट मिलना आसान हो गया है. रेलवे द्वारा एक ओर जहां यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है वहीं दूसरी ओर आमलोगों से किराए के रूप में तीन गुना अधिक राशि की वसूली जा रही है. विदित हो कि मधुबनी से नई दिल्ली का स्लीपर का किराया 575 रुपए है, जबकि इसी ट्रेन के थर्ड एसी का किराया 1505 रुपए है. अब रेलवे द्वारा जयनगर अमृतसर एवं अमृतसर जयनगर शहीद एवं सरयू यमुना एक्सप्रेस के 17 कोच में से 15 कोच एसी इकोनॉमी कर दिया गया है. इस एक्सप्रेस ट्रेन में महज दो कोच स्लीपर है. रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार शहीद एवं सरयू यमुना एक्सप्रेस में दो स्लीपर कोच, 10 कोच 3 एसी इकोनामिक क्लास, 4 सेकंड एसी एवं एक संयुक्त एसी कोच है. इसमें आधा फर्स्ट एसी एवं आधा सेकंड एसी कोच होगा. इससे पूर्व रेलवे द्वारा जयनगर नई दिल्ली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस व दरभंगा नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के 4-4 स्लीपर बोगी को कम कर दिया गया है. इसके जगह दोनों ट्रेनों में 6-6 थर्ड एसी कोच लगा दिया गया है. इसके कारण रेलवे के राजस्व में तो बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इन ट्रेनों में स्लीपर में यात्रा करने वाले सामान्य व मजदूर वर्ग के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अब लोगों को स्लीपर की जगह थर्ड एसी में आसानी से टिकट मिल रहा है. जिसके एवज में उन्हें स्लीपर के किराए से 3 गुना अधिक किराया देने की मजबूरी है. इतना ही नहीं जिले से वर्तमान में दिल्ली के लिए प्रतिदिन स्वतंत्र सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सप्ताह में 2 दिन जयनगर आनंद विहार गरीब रथ एवं तीन दिन जयनगर अमृतसर सरयू यमुना व अमृतसर जयनगर शहीद एक्सप्रेस का तीन-तीन दिन परिचालन किया जा रहा है. जिसके कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों को प्रतिदिन केवल एक ट्रेन का ही सहारा है. 4 लाख रुपए हो रही है राजस्व प्राप्ति वाणिज्य कार्यालय को टिकट बिक्री से जहां सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 5 लाख 50 हजार रुपए राजस्व की प्राप्ति होती है. जिसमें आरक्षित टिकट से 3 लाख 50 हजार एवं अनारक्षित टिकट से लगभग 2 लाख रुपए प्रतिदिन राजस्व प्राप्त हो रही है. वहीं वर्तमान समय में टिकट की बिक्री प्रभावित होकर लगभग चार लाख रुपये हो गई है. वित्तीय वर्ष 2023-24 में रेलवे को टिकट बिक्री से 60 लाख रुपए से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है. रेलवे की उदासीनता का आलम यह है कि अंबाला कैंट जयनगर हमसफर एक्सप्रेस का जिला मुख्यालय होने के बाद भी ठहराव नहीं है. इसके कारण इन ट्रेनों के यात्रियों को अपनी यात्रा जयनगर या दरभंगा से शुरू करनी पड़ती है. जबकि इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले दर्जनों यात्रियों द्वारा टिकट आरक्षित करवाया जाता है. रेलवे एक ओर यात्रियों को बेहतर व गुणवत्ता पूर्ण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नित नई योजनाओं को लागू कर रहा है. जबकि विडंबना है, कि जिला से दिल्ली जाने के लिए प्रतिदिन महज एक ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है. स्लीपर में आने के लिए 10 दिसंबर व जाने के लिए 9 दिसंबर से मिलेगा कंफर्म टिकट दुर्गा पूजा, दिपावली, छठ एवं लगन में परदेस से घर आने बाले एवं पर्व के बाद परदेस जाने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है. नई दिल्ली जयनगर स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी-3 में 5 दिसंबर एवं स्लीपर में 10 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. जयनगर नई दिल्ली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एसी-3 में 9 दिसंबर व स्लीपर में 18 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. दरभंगा नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति स्लीपर में 19 दिसंबर एवं एसी -3 में 12 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. नई दिल्ली दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति में स्लीपर में 22 दिसंबर व एसी-3 में 16 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. जयनगर आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस में 22 सितंबर व आंनद विहार जयनगर गरीब रथ एक्सप्रेस में 10 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. जयनगर – अमृतसर सरयू यमुना एक्सप्रेस में 3 एसी इकोनोमी 22 सितंबर व स्लीपर में 24 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. अमृतसर-जयनगर सरयू यमुना एक्सप्रेस स्लीपर में 14 दिसंबर व एसी-3 इकोनॉमी में 2 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. जयनगर अमृतसर शहीद एक्सप्रेस के 3 एसी इकोनॉमी में 24 सितंबर एवं स्लीपर में 22 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. अमृतसर- जयनगर शहीद के स्लीपर में 16 दिसंबर तथा एसी- 3 इकोनॉमी में 3 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. मुंबई जयनगर पवन एक्सप्रेस के स्लीपर में 28 दिसम्बर तथा एसी-3 में 9 दिसंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा. जयनगर मुंबई पवन एक्सप्रेस के स्लीपर में 7 अक्टूबर एवं एसी-3 में 25 सितंबर से कंफर्म टिकट मिलेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन