कस्तूरबा विद्यालय में 100 में सिर्फ 42 छात्राएं मिलीं उपस्थित, आयोग ने जतायी नाराजगी
निरीक्षण करते बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षक आयोग के सदस्य
बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य सुग्रीव दास ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण में छात्राओं की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सुधार के निर्देश दिए.
Madhubani News: प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय एवं बिलट सिंह बालिका प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय का बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य सुग्रीव दास ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान विद्यालयों में छात्राओं की उपस्थिति, साफ-सफाई, कक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गयी. कस्तूरबा विद्यालय में नामांकित 100 छात्राओं में केवल 42 छात्राएं उपस्थित मिलीं.
कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं की कम उपस्थिति पर जतायी नाराजगी
निरीक्षण के दौरान आयोग सदस्य सुग्रीव दास ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के स्टोर रूम, आवासीय कमरे, कक्षा-कक्ष, शौचालय और साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने विद्यालय की व्यवस्था में सुधार करने के लिए संचालक और वार्डन को निर्देश दिया.
उन्होंने छात्राओं की उपस्थिति पंजी की भी जांच की. जांच के दौरान आधे से अधिक नामांकित छात्राओं की कई महीनों से उपस्थिति दर्ज नहीं होने की बात सामने आयी.
कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन सरिता कुमारी ने बताया कि कई नामांकित छात्राएं महीनों से विद्यालय नहीं आ रही हैं.
तीन महीने से अनुपस्थित छात्राओं का नाम काटने का निर्देश
आयोग सदस्य सुग्रीव दास ने वार्डन को निर्देश दिया कि जो छात्राएं तीन महीने से अधिक समय से विद्यालय नहीं आ रही हैं, उनका नाम नियमानुसार काटकर दूसरे जरूरतमंद गरीब बच्चों का नामांकन किया जाए.
उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने और छात्राओं को बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
बिलट सिंह बालिका विद्यालय में भी व्यवस्था की जांच
इसके बाद आयोग सदस्य ने टीम के साथ बिलट सिंह बालिका प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान सभी कक्षा-कक्ष, कंप्यूटर रूम, कॉमन रूम और विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया.
निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया. आयोग सदस्य ने शिक्षकों से छात्राओं की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने को कहा.
अधिकारियों और विद्यालय कर्मियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान बाल संरक्षक पदाधिकारी अजय कुमार राय, जिला बाल विकास संरक्षण इकाई मधुबनी के राजेश कुमार मिश्रा, बीईओ मधुकांत प्रसाद, विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य कुंदन कुमार सिंह, एचएम वीरेंद्र कुमार, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की वार्डन सरिता कुमारी, शिक्षिका मंजू कुमारी, रेखा ठाकुर, अंशकालीन शिक्षिका गीता कुमारी और आदेशपाल फूल कुमारी सहित रसोइया एवं छात्राएं मौजूद थीं.
यह भी पढ़ें
Madhubani News: 200 पैक्स का 86 करोड़ से अधिक बकाया, भुगतान नहीं होने पर धरना की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









