34 बिहार बटालियन NCC को मिला नया कार्यालय, प्रशासनिक और प्रशिक्षण कार्यों में होगी सुविधा
एनसीसी के नए भवन में पूजा हवन करते कर्नल कुसमाकर झा व अन्य | Prabhat Khabar Network
34 बिहार बटालियन एनसीसी का कार्यालय पुराने भवन से नए स्थान पर स्थानांतरित हो गया है. नए भवन में विधिवत पूजन-हवन के साथ कामकाज शुरू हो गया है, जिससे कैडेटों में उत्साह है. यह स्थानांतरण प्रशासनिक और प्रशिक्षण कार्यों को सुचारू बनाने में सहायक होगा.
Madhubani News: लंबे जद्दोजहद के बाद 34 बिहार बटालियन एनसीसी के कार्यालय को जलधारी चौक स्थित पुराने भवन से स्थानांतरित कर मधुबनी-रहिका मुख्य मार्ग स्थित जनसुराज पार्टी कार्यालय के समीप नए भवन में स्थापित किया गया है. मंगलवार को नए भवन में विधिवत पूजन-हवन के साथ बटालियन का नियमित कामकाज शुरू हुआ.
पूजन-हवन के बाद शुरू हुआ नियमित कामकाज
इस अवसर पर 34 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग अफसर कर्नल कुसुमाकर झा के नेतृत्व में पूजन-हवन कराया गया. धार्मिक अनुष्ठान के बाद एनसीसी के झंडे को सलामी दी गयी.
नए कार्यालय में कामकाज शुरू होने को लेकर एनसीसी अधिकारियों, सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और कैडेटों में उत्साह का माहौल रहा.
सैन्य अधिकारियों और कैडेटों ने लिया हिस्सा
समारोह में मेजर जनरल (रिटायर्ड) एस. झा, कारगिल युद्ध के नायक ग्रुप कैप्टेन आई.बी. ठाकुर, सूबेदार मेजर बिस्टू थापा, कैप्टेन मनोज चौधरी, एफओ मो. शमशीर, एसएनके शर्मा, ट्रेनिंग जेसीओ सूबेदार बीके मल्लिक और बीएचएम भरत मान घले सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
हवलदार बाबूराम खत्री समेत सभी जेसीओ, एनसीओ एवं सिविल स्टाफ ने भी समारोह में भाग लिया. इसके अलावा ऑनरेरी कैप्टेन मोहन चन्द्र झा, विजय ठाकुर सहित कई सेवानिवृत्त फौजी और एनसीसी कैडेट भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
प्रशासनिक और प्रशिक्षण कार्यों में मिलेगी सुविधा
नए भवन में कार्यालय के स्थानांतरण से 34 बिहार बटालियन एनसीसी के प्रशासनिक एवं प्रशिक्षण संबंधी कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
एनसीसी कार्यालय के लिए लंबे समय से उपयुक्त स्थान की तलाश और स्थानांतरण की प्रक्रिया चल रही थी. अब नए परिसर में नियमित कामकाज शुरू होने के बाद बटालियन की गतिविधियों को और गति मिलने की संभावना है.
यह भी पढ़ें
Madhubani News: 196 कार्टन विदेशी शराब जब्त, 4 वाहन भी पकड़े गये, तस्करों की तलाश तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










