बेनीपट्टी में मॉर्निंग वॉक कर रही तीन महिलाओं को स्कॉर्पियो ने कुचला, मौत
बेनीपट्टी के सरिसर पेट्रोल पंप के निकट घटना स्थल पर जुटी भीड़
सरिसब गांव में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को कुचल दिया. इस घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया.
Madhubani News: बेनीपट्टी-रहिका स्टेट हाईवे पर सरिसब गांव स्थित जगदंबा पेट्रोल पंप के पास रविवार की सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मॉर्निंग वॉक कर रही तीन महिलाओं को कुचल दिया. हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा.
Benipatti News: मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
बताया गया कि अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी नवटोली गांव की छह महिलाएं रोजाना की तरह रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं. इनमें रीता देवी, किरण देवी और फूलदाई देवी भी शामिल थीं.
वापसी के दौरान थकान होने पर तीनों महिलाएं सरिसब स्थित जगदंबा पेट्रोल पंप के पास स्टेट हाईवे के किनारे बैठ गईं. उनके साथ चल रही अन्य तीन महिलाएं आगे निकल गई थीं.
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को रौंदा
इसी दौरान रहिका की ओर से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठी तीनों महिलाओं को कुचलते हुए निकल गई. हादसा इतना अचानक हुआ कि महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
मौके पर ही तीनों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान धकजरी नवटोली निवासी पच्चू साह की पत्नी रीता देवी (42), राजू महतो की पत्नी किरण देवी (40) और अरुण झा की पत्नी फूलदाई देवी (70) के रूप में हुई.
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और चालक के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग करने लगे.
सूचना मिलने पर बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अनूप कुमार, अरेर थानाध्यक्ष आनंद शंकर गौरव, खिरहर थाना पुलिस सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस को लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा.
अधिकारियों ने पहुंचकर परिजनों से की वार्ता
स्थिति बिगड़ती देख बीडीओ महेश्वर पंडित, आरडीओ अकरम नजफी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद और पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव भी मौके पर पहुंचे.
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया. काफी समझाने के बाद रीता देवी और किरण देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेजा जा सका.
एक मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
फूलदाई देवी के परिजन काफी देर तक शव को सड़क से हटाने के लिए तैयार नहीं हुए. बाद में अधिकारियों के समझाने पर शव को सड़क से हटाया गया. हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए.
इसके बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी. हादसे के कारण करीब तीन घंटे तक बेनीपट्टी-रहिका स्टेट हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही.
यह भी पढ़ें: अगस्त क्रांति का वो दौर, जब मोतिहारी में छात्रों-किसानों ने अंग्रेजों के खिलाफ संभाल ली थी कमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










