मॉर्निंग वॉक के दौरान अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को कुचला,मौके पर दर्दनाक मौत
पेट्रोल पंप के निकट घटना स्थल पर जुटी लोगों की भीड़
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। जगदंबा पेट्रोल पंप के पास मॉर्निंग वॉक कर रही तीन महिलाओं को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश और मातम का माहौल है।
Road Accident: मधुबनी जिला के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बेनीपट्टी-रहिका स्टेट हाईवे पर बेनीपट्टी के सरिसब गांव स्थित जगदंबा पेट्रोल पंप के पास रविवार की अहले सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को कुचल दिया, जिससे तीनों महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना सुबह के करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है.

Madhubani News: मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी नवटोली गांव निवासी पच्चू साह की 42 वर्षीया पत्नी रीता देवी, उसी गांव के राजू महतो की 40 वर्षीया पत्नी किरण देवी और अरुण झा की 70 वर्षीया पत्नी फूलदाई देवी के रूप में हुई है. इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और काफी संख्या में लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई.

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, छह महिलाओं का एक समूह रोजाना सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए इसी रास्ते से गुजरता था, जिसमें ये तीनों महिलाएं भी शामिल थीं. रविवार की सुबह भी सभी महिलाएं मॉर्निंग वॉक के बाद वापस घर लौटने के क्रम में स्टेट हाईवे के किनारे से जगदंबा पेट्रोल पंप के पास से गुजर रही थीं.इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक काले रंग की अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने महिलाओं को बुरी तरह कुचल दिया. हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही तीनों महिलाओं की जान चली गई. घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा.

सड़क जाम और प्रशासनिक प्रयास
हादसे के बाद जगदंबा पेट्रोल पंप के पास सड़क के दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर की दूरी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. घटनास्थल पर लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया. परिजनों और स्थानीय लोगों के गुस्से के कारण एक शव को सड़क से उठाने से मना कर दिया गया.
सूचना मिलते ही बेनीपट्टी और अरेर थाने की पुलिस के साथ-साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि लगातार परिजनों व आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने और सड़क जाम समाप्त कराने के प्रयास में जुटे हुए हैं. इस भीषण हादसे के बाद धकजरी नवटोली गांव में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है.
यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर लाइक्स का जानलेवा डोपामाइन, जानिए उत्तर बिहार में रील से मौतों का पूरा भयानक सच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










