सकरी-रैयाम चीनी मिल चालू करने की तैयारी, किसानों का 31 अगस्त तक होगा निबंधन

Updated:
विज्ञापन

जिला सहकारिता पदाधिकारी मधुबनी | Prabhat Khabar Network

मधुबनी और दरभंगा में सकरी और रैयाम चीनी मिलों को फिर से चालू करने की दिशा में सरकार ने पहल शुरू कर दी है. दोनों मिलों के लिए किसानों को गन्ने की खेती के लिए सहकारिता विभाग में 31 अगस्त तक अपना पंजीकरण कराना होगा.

विज्ञापन

Madhubani News: सकरी और रैयाम चीनी मिल को चालू करने की दिशा में सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है. दोनों चीनी मिलों को चालू करने से पहले संबंधित क्षेत्र के किसानों को गन्ने की खेती के लिए सहकारिता विभाग में निबंधित किया जा रहा है. किसान विभाग के पोर्टल के माध्यम से 31 अगस्त तक अपना निबंधन करा सकते हैं.

सकरी व रैयाम के लिए अलग-अलग सहकारी समिति गठित

सकरी चीनी मिल का संचालन मधुबनी सहकारिता विभाग के माध्यम से होगा, जबकि रैयाम चीनी मिल के लिए दरभंगा सहकारिता विभाग को जिम्मेदारी दी गयी है. जिला सहकारिता पदाधिकारी सुदर्शन कुमार ने बताया कि सकरी चीनी मिल के लिए सकरी प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति और रैयाम चीनी मिल के लिए रैयाम प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति का गठन किया गया है. संबंधित क्षेत्र के किसान इन समितियों के सदस्य बन सकेंगे.

समिति का सदस्य बनने के लिए किसान की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और उसे संबंधित चीनी मिल सहकारी समिति के आयोजन क्षेत्र में निवास करना जरूरी है. सामान्य किसान के लिए गन्ना उत्पादन अथवा गन्ना उत्पादन की प्रतिबद्धता के लिए 100 डिसमिल, जबकि अन्य श्रेणी और महिला किसानों के लिए 50 डिसमिल जमीन निर्धारित है. सदस्यता के लिए 500 रुपये शुल्क और एक हजार रुपये का शेयर खरीदना होगा. एक परिवार से केवल एक व्यक्ति सदस्य बन सकता है. कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर भी निबंधन किया जा रहा है.

सकरी मिल के कमांड क्षेत्र में 12 प्रखंड शामिल

सहकारिता विभाग ने सकरी और रैयाम चीनी मिल के लिए अलग-अलग कमांड क्षेत्र निर्धारित किया है. सकरी चीनी मिल के मधुबनी कमांड क्षेत्र में 12 प्रखंडों को शामिल किया गया है. इनमें अंधराठाढ़ी, बाबूबरही, घोघरडीहा, झंझारपुर, लदनियां, लखनौर, खुटौना, लौकही, मधेपुर, पंडौल, फुलपरास और राजनगर शामिल हैं. इन प्रखंडों के किसान सकरी चीनी मिल के लिए निबंधन करा सकते हैं.

रैयाम के लिए नौ प्रखंडों के किसान कर सकेंगे आवेदन

रैयाम चीनी मिल के कमांड क्षेत्र में बासोपट्टी, बेनीपट्टी, बिस्फी, हरलाखी, जयनगर, कलुआही, खजौली, रहिका और मधवापुर प्रखंड को शामिल किया गया है. इन प्रखंडों के किसान रैयाम चीनी मिल के लिए निबंधन करा सकेंगे. जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि निबंधन के समय आधार कार्ड नंबर देना अनिवार्य होगा. चयनित प्रखंडों के किसान निबंधन कराने के बाद ही संबंधित समिति की सदस्यता प्राप्त कर सकेंगे.


विज्ञापन
Kunjan Kumar Putti

लेखक के बारे में

By Kunjan Kumar Putti

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन