Madhubani News : लोगों की उम्मीदों व अपेक्षाओं पर खड़ा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है जिला प्रशासन: डीएम
Published by : GAJENDRA KUMAR Updated At : 01 Jan 2026 10:11 PM
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जिले के समस्त नागरिकों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामना दी.
मधुबनी. जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जिले के समस्त नागरिकों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामना देते हुए कहा है कि नया वर्ष सभी के जीवन में नई उमंग, आशा, प्रेम, भाईचारे एवं सद्भावना का संदेश लेकर आए. जिले के सर्वांगीण विकास में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो. उन्होंने कहा है कि जिले के लोगों की उम्मीदों और अपेक्षाओं पर खड़ा उतरने के लिए जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है. विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ सरकार की सभी विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. स्वच्छ, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सात निश्चय पार्ट-3, जल-जीवन-हरियाली अभियान, नशामुक्ति अभियान, दहेज प्रथा एवं बाल विवाह उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक सुधार कार्यक्रमों को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन संकल्पित है. इन अभियानों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और सतत विकास को गति दी जाएगी. जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में संचालित सभी विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत कार्यान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में है. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण का निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोपयोगी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं को शीघ्र एवं प्रभावी रूप से धरातल पर उतारना भी जिला प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है. ताकि जिले के विकास को नयी दिशा और गति मिल सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










