पुरैनी में लूटपाट कर रहे दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद

पुरैनी में लूटपाट कर रहे दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद
अररिया के राहगीर से कर रहे थे लूटपाट, गश्ती पुलिस को देख भागने के दौरान दबोचे गए, एक फरार
पुरैनी (मधेपुरा). उदाकिशुनगंज-भटगामा एसएच 58 पर बघरा मोड़ के समीप लूट की घटना को अंजाम दे रहे तीन अपराधियों में से पुलिस ने दो को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है. पुलिस ने अपराधियों के पास से एक अवैध हथियार व जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अमरजीत कुमार व मनीष कुमार के रूप में हुई है, जिन्हें कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन अपराधी एक राहगीर से लूटपाट कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस का गश्ती वाहन वहां पहुंच गया. पुलिस की गाड़ी को देखकर अपराधी भागने लगे. इस बीच, पीड़ित ने दिलेरी दिखाते हुए बाइक पर सवार एक अपराधी को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार बरामद हुआ. पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल दूसरे अपराधी को मकदमपुर से गिरफ्तार किया गया.
बेटे की शादी की मार्केटिंग कर लौट रहे थे पीड़ित
पीड़ित की पहचान अररिया जिला के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बढौवा गांव निवासी कुंदन कुमार शर्मा के रूप में हुई है. वह अपने एक मित्र के साथ बेटे की शादी की मार्केटिंग करने कटिहार गए थे. वहां से लौटने के दौरान वे चौसा में अपने एक रिश्तेदार के यहां रुके.
चौसा से जब वे एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए बेला की ओर जा रहे थे, तभी पुरैनी थाना क्षेत्र के बघरा मोड़ के पास अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. घटना के बाद पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस तीसरे फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










