मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर रैक प्वाइंट के लिए जमीन का हुआ सर्वेक्षण

मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर रैक प्वाइंट के लिए जमीन का हुआ सर्वेक्षण
मुरलीगंज. मुरलीगंज स्टेशन बुधवार को पहुंचे डीआरएम विनय कुमार श्रीवास्तव के निर्देश के आलोक में गुरुवार को अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन के उत्तर भाग में प्रस्तावित रैक प्वाइंट के लिए जमीन का सर्वेक्षण किया. टीम में ट्रैफिक इंस्पेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन संजीव मणि चौधरी, आइडब्ल्यू इंस्पेक्टर (वर्क) मनोज कुमार आदि शामिल थे. सर्वेक्षण टीम ने रेलवे स्टेशन के उत्तर दिशा में उपलब्ध भूमि का निरीक्षण किया और रैक प्वाइंट निर्माण के लिए उपयुक्तता की जांच की. मौके पर रेल संघर्ष समिति के सदस्य विकास आनंद बाबा, दिनेश मिश्रा, सूरज जायसवाल आदि उपस्थित थे. इन सभी ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष न केवल रैक प्वाइंट की आवश्यकता पर बल दिया, बल्कि स्टेशन पर अंडरपास या फुट ओवरब्रिज निर्माण की भी मांग की. लोगों ने बताया कि रैक प्वाइंट बनने के बाद स्टेशन के दोनों ओर आवाजाही के लिए सुरक्षित मार्ग आवश्यक है, ताकि आमलोगों और यात्रियों को कोई असुविधा न हो. व्यवसायिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा ट्रैफिक इंस्पेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि फिलहाल मुरलीगंज रेलवे स्टेशन के पास रैक प्वाइंट निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है. सर्वेक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजी जायेगी. उन्होंने कहा कि पहले रैक प्वाइंट का निर्माण होगा. इसके बाद अंडरपास या फुट ओवरब्रिज की योजना पर विचार किया जायेगा. यह मामला विचाराधीन है और जैसे ही संबंधित विभाग से स्वीकृति मिलेगी, आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी. रेल संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि वर्षों से मुरलीगंज में रैक प्वाइंट की मांग की जा रही थी. इसके बनने से व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी सुलभ होंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




