आग से बचाव को लेकर लोगों को किया जा रहा जागरूक

अग्निशामक पदाधिकारी हरेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने जैसी आपात स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और साहस से काम लेना चाहिए.
अग्निशमन विभाग ने होटल व दुकानदारों को गैस से लगने वाली आग से बचाव की दी जानकारी-
उदाकिशुनगंज
अनुमंडल क्षेत्र में इन दिनों अग्निशमन विभाग द्वारा लगातार लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है. विशेष रूप से होटलों, चाय-नाश्ते की दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर विभाग के कर्मी दुकानदारों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दे रहे हैं. इस दौरान अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी एवं कर्मियों ने मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों का प्रदर्शन भी किया. अग्निशामक पदाधिकारी हरेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने जैसी आपात स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और साहस से काम लेना चाहिए. यदि लोगों को पहले से बचाव के उपायों की जानकारी होगी तो किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है और जान-माल की क्षति को रोका जा सकता है. उन्होंने कहा कि खासकर गर्मी के मौसम में लोगों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता होती है, क्योंकि तेज हवा के कारण आग फैलने की संभावना बढ़ जाती है. छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिससे वर्षों की मेहनत पल भर में राख हो सकती है. इस दौरान उन्होंने गैस सिलेंडर का उपयोग करने वाले दुकानदारों को विशेष रूप से सावधानी बरतने की सलाह दी गयी.
उन्होंने बताया कि हमेशा रेगुलेटर की जांच कर ही गैस का उपयोग करें तथा नया सिलेंडर लेने के समय उसकी सील की अच्छी तरह जांच करें. किसी भी स्थिति में लीक हो रहे सिलेंडर का उपयोग नहीं करें. कार्य समाप्त होने के बाद रेगुलेटर को अवश्य बंद करें, क्योंकि अक्सर लोग इस छोटी लेकिन महत्वपूर्ण बात को नजरअंदाज कर देते हैं. इसके अलावा सिलेंडर या चूल्हे में आग लगने की स्थिति में उसे सुरक्षित तरीके से बुझाने के उपाय भी बताए गए. विभाग द्वारा शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.मौके पर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी हरेंद्र राय, सोनू कुमार, चालक दीपक कुमार, जगन्नाथ कुमार, रणधीर कुमार, अनवेश कुमार, रंजीत कुमार, रविकांत ठाकुर, बीरबल कुमार, खुशबू कुमारी, कविता कुमारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










