मासूम बेटी के सामने गाली-गलौज का विरोध करने पर पिता को कट्टे से धमकाने वाला आरोपित गिरफ्तार

अरार थाना क्षेत्र के सुखासन वार्ड 11 में मंगलवार दोपहर बाद एक व्यक्ति को अपनी मासूम बेटी के सामने गाली-गलौज का विरोध करना महंगा पड़ गया.
ग्वालपाड़ा. अरार थाना क्षेत्र के सुखासन वार्ड 11 में मंगलवार दोपहर बाद एक व्यक्ति को अपनी मासूम बेटी के सामने गाली-गलौज का विरोध करना महंगा पड़ गया. विरोध करने पर आरोपित ने कट्टा तानकर जान से मारने की धमकी दे दी. हालांकि, ग्रामीणों की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी घटना टल गयी. पुलिस ने आरोपित को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. सुखासन निवासी कारी यादव उर्फ सबलु यादव की सात वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी खेत में मकई छील रही थी. इसी दौरान बभनगामा निवासी 55 वर्षीय मंटू यादव वहां पहुंचा और बच्ची के सामने अपशब्द बोलने लगा. जब बच्ची के पिता कारी यादव ने इसका विरोध करते हुए कहा कि मेरी बेटी के सामने अपशब्द क्यों बोल रहे हैं, तो आरोपित उग्र हो गया और गाली-गलौज करने लगा. आरोप है कि उसने धमकी देते हुए कहा कि “आज तुमसे हिसाब कर लेंगे” और जान से मारने की धमकी देने लगा. बताया जाता है कि इसके बाद आरोपित अपने घर गया और वहां से एक लोडेड कट्टा लेकर आया. उसने कारी यादव पर कट्टा तानते हुए जान से मारने की धमकी दी. इस दौरान शोर-शराबा सुनकर गांव के मनीष यादव सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपित को पकड़ लिया और उसके हाथ से लोडेड देसी कट्टा व एक कारतूस छीन लिया. घटना की सूचना डायल 112 पर ग्वालपाड़ा थाना को दी गयी. डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हथियार व कारतूस के साथ हिरासत में ले कर अरार थाना को सुपर्द कर दिया. अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर आरोपित के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपित मंटू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










