मधेपुरा में राजद का धरना, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

चौसा ब्लॉक परिसर में राजद का धरना
Madhepura News: मधेपुरा के चौसा प्रखंड में विभिन्न जनसमस्याओं और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मोर्चा खोल दिया है. एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा अपनी मांगों को लेकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा.
चौसा (मधेपुरा) से संजय कुमार की रिपोर्ट.
Madhepura News: चौसा प्रखंड मुख्यालय परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष सीमा गुप्ता ने किया. धरना में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की.
धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जनसमस्याओं के समाधान की मांग की.
भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं पर साधा निशाना
धरना को संबोधित करते हुए राजद प्रखंड अध्यक्ष सीमा गुप्ता ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन प्रशासन उनकी ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों को छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता का अभाव है. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.
समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन तेज
राजद नेता बीरेंद्र कुमार बीरू ने कहा कि पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है. यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.
राहुल यादव ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है. वहीं पंचायत अध्यक्ष इरशाद आलम ने पंचायत स्तर पर कथित अनियमितताओं की जांच की मांग उठाई.
कार्यकारी अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने कहा कि राजद कार्यकर्ता जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेंगे.
बीडीओ को सौंपा मांग पत्र
धरना-प्रदर्शन के बाद राजद प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सरीना आजाद से मुलाकात की और विभिन्न जनहित मुद्दों से संबंधित ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में प्रखंड के लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, जन शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई.
धरना कार्यक्रम में अमित कुमार, आशीष कुमार, रत्न संजय, कैलाश यादव, इमरान खान, फकरुद्दीन, सुरेंद्र यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Also Read:लोकगायक, अभिनेता से नेता बनने तक, पवन सिंह का ‘पावर स्टार’ सफर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










