राजस्व हाट 4.79 लाख और वाहन पड़ाव 5.53 लाख में बंदोबस्त, चार-चार लोगों ने लिया हिस्सा

सैरात के लिये चार लाख 72 हजार 794 रुपये सुरक्षित राशि एवं 94 हजार 559 रुपये जमानत राशि तय की गयी थी.
नगर परिषद में सैरात की प्रक्रिया पूरी, दो डाकों पर लगी ऊंची बोली –
– चार-चार बोलीदाताओं में कड़ा मुकाबला, लाखों में पहुंची डाक राशि –
उदाकिशुनगंज
उदाकिशुनगंज नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को राजस्व हाट एवं वाहन पड़ाव की बंदोबस्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करायी गयी. इस प्रक्रिया की अध्यक्षता कार्यपालक पदाधिकारी कमलेश कुमार ने की. मौके पर चेयरमैन अनुसुईया देवी, सशक्त समिति सदस्य पवन मंडल, मो फारुख आलम एवं स्वच्छता पदाधिकारी केतन कुमार भी मौजूद रहे.बैठक में सबसे पहले वाहन पड़ाव की सैरात प्रक्रिया शुरू की गयी, इसमें चार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया. विभाग द्वारा वाहन पड़ाव के लिये पांच लाख 50 हजार रुपये सुरक्षित राशि तथा एक लाख 10 हजार रुपये जमानत राशि निर्धारित की गयी थी. पांचवें राउंड तक चली बोली में प्रमोद कुमार ने पांच लाख 53 हजार एक सौ रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर डाक अपने नाम किया. इस दौरान चौथे राउंड में आशीष कुमार ने सरेंडर कर दिया, जबकि पांचवें राउंड में मुन्ना कुमार और राहुल कुमार भी बोली से बाहर हो गये. इसके बाद राजस्व हाट दुर्गा स्थान की बंदोबस्ती प्रक्रिया शुरू हुई. इस सैरात के लिये चार लाख 72 हजार 794 रुपये सुरक्षित राशि एवं 94 हजार 559 रुपये जमानत राशि तय की गयी थी. इसमें भी चार लोगों आशीष कुमार, प्रमोद कुमार, मुन्ना कुमार एवं राहुल कुमार ने भाग लिया. सात राउंड तक चली बोली में आशीष कुमार ने 4 लाख 79 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाई. हालांकि प्रक्रिया के दौरान पांचवें राउंड में प्रमोद कुमार ने सरेंडर किया, जबकि छठे राउंड में मुन्ना कुमार और राहुल कुमार बाहर हो गए. अंततः उच्चतम बोली के आधार पर डाक का निर्णय लिया गया. वहीं राजस्व हाट रहटा चौक के लिए किसी भी अभ्यर्थी द्वारा एनआर नहीं कटाए जाने के कारण सोमवार को उसकी सैरात प्रक्रिया नहीं हो सकी. अब इसके लिए मंगलवार एवं बुधवार को पुनः प्रक्रिया अपनाई जाएगी. इस बाबत कार्यपालक पदाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि दोनों सैरात की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत कराई गई है. उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों की सबसे अधिक बोली रही है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सुरक्षित राशि जमा करने का निर्देश दिया गया है. यदि समय पर राशि जमा नहीं की जाती है, तो दूसरे स्थान पर रहने वाले अभ्यर्थी को डाक दे दिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




