मक्का बेचकर घर लौट रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से मौत

मक्का बेचकर घर लौट रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से मौत
बिहारीगंज रेक प्वाइंट से मक्का बेचकर घर लौट रहे किसान
प्रतिनिधि,
पुरैनी, मधेपुरा
जिले के बिहारीगंज रेक प्वाइंट से मक्का बेचकर घर लौट रहे एक युवा किसान की सड़क हादसे में मौत हो गयी, जबकि उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत उदाकिशुनगंज-पुरैनी मुख्य मार्ग स्थित कोरचक्का पुल के समीप हुआ. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोपारिया निवासी 26 वर्षीय नीतीश भगत, पिता-बाबूलाल भगत के रूप में हुई है वहीं हादसे में हरवंश शर्मा, पिता-लालू शर्मा, निवासी बाथनाहा गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरैनी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार नीतीश भगत अपने सहयोगी के साथ ट्रैक्टर पर मक्के की फसल बेचकर बिहारीगंज रेक प्वाइंट से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान कोरचक्का पुल के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया.हादसे में नीतीश ट्रैक्टर की चपेट में आ गये, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. बताया जाता है कि घटना इतनी दर्दनाक थी कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी .सूचना पर पहुंची पुरैनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है.पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच में जुट गयी है. इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के गांव कोपारिया में मातमी सन्नाटा पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि नीतीश मेहनती और मिलनसार युवक थे तथा परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे. वे अपने जीजा के यहां रहकर खेती-बाड़ी और अन्य कार्यों में सहयोग करते थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










