मधेपुरा पुलिस का बड़ा एक्शन, 24 घंटे में 8 गिरफ्तार, स्मैक तस्कर समेत वारंटी चढ़े हत्थे

पुलिस कार्रवाई की सांकेतिक तस्वीर.
Madhepura Police Actioin : मधेपुरा पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए 24 घंटे का विशेष अभियान चलाया, जिसमें 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. पुरैनी थाना क्षेत्र में एक बड़े स्मैक तस्कर को भी पकड़ा गया है.
Madhepura Police Actioin : अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए मधेपुरा पुलिस लगातार अभियान चला रही है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ तस्कर, फरार वारंटी और अन्य आरोपियों समेत कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी सख्ती दिखाई.
24 घंटे के विशेष अभियान में 8 अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस कप्तान के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान विशेष अभियान चलाया गया. पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, अलग-अलग मामलों में संलिप्त कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इनमें मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले, लंबे समय से फरार वारंटी, पुराने कांड के आरोपी और शराब के नशे में पकड़ा गया व्यक्ति शामिल है.
पुरैनी थाना क्षेत्र में स्मैक तस्कर दबोचा गया
सबसे बड़ी सफलता पुरैनी थाना पुलिस को मिली. एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से 5.60 ग्राम स्मैक, नशीले पदार्थों की तौल के लिए इस्तेमाल होने वाला एक डिजिटल तराजू और एक कैंची बरामद की गई. पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है.
पेट्रोल और माचिस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
मधेपुरा थाना पुलिस ने अलग कार्रवाई में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से एक लीटर पेट्रोल और एक माचिस बरामद की गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी आगजनी या अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में तो नहीं था.
चार फरार वारंटी समेत अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर छापेमारी कर चार फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया. इसके अलावा पुराने कांड के एक आरोपी और अन्य मामले में संलिप्त एक अभियुक्त को भी पकड़ा गया. वहीं शराबबंदी कानून के तहत एक व्यक्ति को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया.
वाहन जांच अभियान में 31,500 रुपये का जुर्माना
अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी और आवश्यक दस्तावेजों के बिना चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 31,500 रुपये शमन राशि के रूप में वसूले.
अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस जारी रहेगा
मधेपुरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी इसी तरह विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










